बाहुबली धनंजय सिंह पर धर्मेंद्र यादव बोले- धमकी दे रहे:पूछा सवाल- कोडीन सिरप से मौत नहीं तो छापे क्यों पड़ रहे

सपा मुखिया अखिलेश यादव के चचेरे भाई और आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव ने रविवार को बाहुबली धनंजय पर निशाना साधा। धर्मेंद्र ने बिना नाम लिए कहा- कोडीन कफ सिरप पर रिसर्च होनी चाहिए। जिन लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए, वे लोगों को खुलेआम मीडिया के सामने आकर धमकियां दे रहे हैं। आखिर उन्हें ये ताकत कहां से मिल रही है। अगर कोडीन सिरप से किसी की मौत नहीं हुई है तो छापे क्यों पड़ रहे हैं। इस पूरे मामले में किसी को बचाने और किसी को फंसाने की साजिश चल रही है। इसकी निष्पक्षता से जांच होनी चाहिए। सच क्या है और झूठ क्या, ये सभी को पता चलना चाहिए। हमारे पार्टी के पदाधिकारी इस पर नजर बनाए हुए हैं। हम लोगों भाजपा के लोगों को उनके मंसूबे में कामयाब नहीं होने देंगे। दरअसल, कोडीन कफ सिरप केस में खुद का नाम आने पर धनंजय सिंह ने दो दिन पहले कहा था- संसद में सपा सांसदों ने कफ सिरप का मुद्दा उठाते हुए झूठे तथ्य रखे। मैं इसे लेकर लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिख रहा हूं, जिसमें सपा सांसदों के झूठे तथ्य की ओर ध्यान दिलाकर सदन में उनसे माफी की मांग करूंगा। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव वन डिस्ट्रिक, वन माफिया की बात कर रहे हैं। क्या उन्हें अपना कार्यकाल याद नहीं, जब उन्होंने वन डिस्ट्रिक वन नकल माफिया पैदा कर दिया था। प्रदेश के लाखों युवाओं का भविष्य खराब कर दिया था।’ सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने संसद में भी कोडीन कफ सिरप का मुद्दा उठाया था। कहा था कि करोड़ की गाड़ियां खास जाति के माफिया को गिफ्ट की गई हैं। मुख्यमंत्री को केवल PDA परिवार में ही अपराधी दिखते हैं
धर्मेंद्र यादव वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR की समीक्षा करने पहुंचे थे। उन्होंने PDA भवन में पार्टी विधायकों, पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद मीडिया से बात की। धर्मेंद्र ने कहा- मुख्यमंत्री को केवल PDA परिवार में ही अपराधी दिखते हैं। क्या मुख्यमंत्री की बिरादरी के लोग अपराधी नहीं हैं। उन्हें वे क्यों दिखाई नहीं पड़ते हैं। जिनको बचाया जा रहा है, वे लोग कौन हैं ये सब जानते हैं। आने वाले समय में देश और प्रदेश की जनता इनके सच और झूठ का फैसला करेगी। बच्चों की जान की परवाह नहीं कर रहे
धर्मेंद्र ने कहा, यूपी के अंदर कुछ लोग पैसा लूटने और कमाने के लिए बच्चों की भी जान की परवाह नहीं कर रहे हैं। सपा के लोग आज भी अपने बयान पर कायम हैं। क्या ये सच नहीं है कि सिरप पीने से बच्चों की जान गई। क्या यह सच नहीं है कि यूपी से लेकर मध्य प्रदेश, राजस्थान से लेकर झारखंड, बंगाल से लेकर दूसरे देश के बाहर के हिस्सों तक सिरप माफिया का बड़ा नेटवर्क फैला हुआ है। कफ सिरप माफिया को आखिर कौन बचा रहा है?
कफ सिरप का नेटवर्क चलाने वाले माफिया को आखिर बचा कौन रहा है। इसका जवाब सरकार को देना चाहिए। जिस तरह की बातें मीडिया में सामने आई हैं, मैंने इससे पहले कभी नहीं सुनी। कुछ लोग खुलेआम कैमरे पर आकर धमकियां दे रहे हैं। उनके पीछे कौन है। इसका भी पता चलना चाहिए। ये वे लोग हैं जो अपने को बहुत पाक साफ कहते हैं। जो लोग अपने को जीरो टॉलरेंस की बात करते हैं। अपराधीकरण के खिलाफत की बात करते हैं। वे केवल दिखाया करते हैं। मुख्यमंत्री की बैठक में किसी भी जनप्रतिनिधि को नहीं बुलाया जाता
2 दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आजमगढ़ दौरे के सवाल पर धर्मेंद्र यादव ने कहा- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आजमगढ़ में सीएम की हैसियत से आए थे कि भाजपा के नेता की हैसियत से। उन्हें ये बताना चाहिए। मुख्यमंत्री जब बैठक लेते हैं तो निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बुलाते हैं। हम लोग बहुत सौभाग्यशाली हैं कि यहां का हर निर्वाचित जनप्रतिनिधि समाजवादी है। लेकिन किसी भी निर्वाचित जनप्रतिनिधि को मुख्यमंत्री की बैठक में शामिल होने का निमंत्रण नहीं मिला है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करने आए थे हो सकता है कि अधिकारियों पर कुछ दबाव बनाने आए रहे हों। ———————- ये खबर भी पढ़ें… दरोगा-जवान को पीटा, धमकाया; प्रयागराज में खुद को मंत्री का समर्थक बता रहे प्रॉपर्टी डीलर का भौकाल प्रयागराज में प्रॉपर्टी डीलर ने खुद को कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल ‘नंदी’ का समर्थक बताते हुए दरोगा और सिपाही को पीट दिया। कहा- मंत्री तुम लोगों की खबर लेंगे। शुक्रवार रात कार की टक्कर की वजह से दो गुटों में झगड़ा हुआ था। पढ़ें पूरी खबर…