झांसी में शादीशुदा गर्लफ्रेंड की लाश अस्पताल में छोड़कर बॉयफ्रेंड भाग गया। दोनों के बीच 3 साल से अफेयर था। महिला दो दिन पहले बॉयफ्रेंड के साथ रहने उसके घर पहुंच गई थी। शनिवार सुबह बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड के बेटे को फोन किया। कहा- तुम्हारी मां ने जहर खा लिया है। मैं उन्हें अस्पताल लेकर जा रहा हूं। बेटा घरवालों के साथ आनन-फानन में CHC अस्पताल पहुंचा। देखा तो उसकी मां की मौत हो चुकी थी। बॉयफ्रेंड वहां नहीं था। महिला नीलम कुशवाहा के बेटे ने आरोप लगाया कि बॉयफ्रेंड रवि ने जहर खिलाकर मां की हत्या की। बेटे ने उसके खिलाफ देर शाम थाने में तहरीर दी। पूरा मामला चिरगांव के भरतपुरा गांव का है। पति की मौत के बाद महिला का अफेयर हुआ नीलम कुशवाहा (35) ककरवई थाना क्षेत्र के कैरोखर गांव की रहने वाली थी। उसके देवर धर्मेंद्र कुमार ने बताया- नीलम की शादी 19 साल पहले मेरे बड़े भाई शगुनलाल कुशवाहा से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। 18 साल का राजेश और 12 साल की मोहिनी। 4 साल पहले भाई शगुनलाल की मौत हो गई थी। मेरे पड़ोस में भरतपुरा गांव निवासी रवि की रिश्तेदारी है, जहां ट्रक चालक रवि अक्सर आया करता था। 3 साल पहले उसकी भाभी नीलम से दोस्ती हो गई। यह दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई। दोनों मिलने-जुलने लगे। रवि पहले से ही शादीशुदा है। उसके भी दो बच्चे हैं। दोनों को समझाया गया, लेकिन वे नहीं माने। बेटा बोला- पीछा छुड़ाना चाहता था बॉयफ्रेंड नीलम के बेटे राजेश ने बताया-1 साल से मां नीलम और रवि के बीच झगड़ा होने लगा था। रवि मां को छोड़ना चाहता था। शुक्रवार को मां घर से बिना बताए निकल गईं। मां को फोन करने पर पता चला कि वह रवि से मिलने चिरगांव में उसके खेत पर गई हैं। वह रात को भी नहीं आईं। सुबह फिर फोन लगाया तो पता चला कि वह रवि के पास ही हैं। दोपहर में रवि ने फोन कर बताया कि नीलम ने जहर निगल लिया है। इसके कुछ देर बाद पुलिस ने फोन किया कि मां की मौत हो गई है। हम लोग परिजन चिरगांव CHC पहुंचे, जहां नीलम की लाश पड़ी थी। लाश छोड़कर रवि भाग चुका था। बेटे का आरोप है कि उसी ने मां की हत्या की। चिरगांव थाना प्रभारी कुलदीप तिवारी ने बताया- नीलम की मौत की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत की असल वजह क्या है। रवि की तलाश की जा रही है। उससे पूछताछ भी की जाएगी। —————————– ये खबर भी पढ़ें… दरोगा-जवान को पीटा, धमकाया; प्रयागराज में खुद को मंत्री का समर्थक बता रहे प्रॉपर्टी डीलर का भौकाल प्रयागराज में प्रॉपर्टी डीलर ने खुद को कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल ‘नंदी’ का समर्थक बताते हुए दरोगा और सिपाही को पीट दिया। कहा- मंत्री तुम लोगों की खबर लेंगे। शुक्रवार रात कार की टक्कर की वजह से दो गुटों में झगड़ा हुआ था। पढ़ें पूरी खबर…