‘बाबरी मस्जिद बनी तो भाजपा को फायदा’:लखनऊ में बोले टिकैत- राहुल से ये कभी डिबेट नहीं करेंगे, सिरप में सरकार की शह

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत इन दिनों देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर किसानों के लिए महापंचायत कर रहे हैं। इसमें वह उनके हक-हुकूक की बातों को मुद्दा बना रहे हैं। इसी क्रम में टिकैत ने 12 दिसंबर को यूपी की राजधानी लखनऊ में महापंचायत की। इसमें उन्होंने आंदोलन करने की बात कही। इसके बाद दैनिक भास्कर ने राकेश टिकैत से विशेष बातचीत की। उन्होंने पश्चिम बंगाल की कथित बाबरी मस्जिद, यूपी में कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी, राहुल गांधी के डिबेट चैलेंज सहित किसानों के भी मुद्दों पर अपनी राय रखी। राकेश टिकैत ने कहा- नकली कफ सिरप का नेटवर्क सरकारों की मिलीभगत से फलता-फूलता है। यहां पर प्रतिबंधित चीजों के बड़े-बड़े होलसेलर हैं। सरकार और मंत्रियों की सह के बिना इतना सबकुछ नहीं चल सकता। रही बात राहुल गांधी के डिबेट की तो बीजेपी वाले उनसे कभी डिबेट नहीं करेंगे। अब पढ़िए टिकैत ने क्या-क्या बताया… सवाल : आप लगातार राज्यों का दौरा कर रहे हैं। किसानों से मुलाकात हो रही है। क्या दोबारा महाआंदोलन खड़ा करने की तैयारी है? जवाब : हमारे महाआंदोलन तो पिछले 40 साल से चल रहे हैं। छोटा चले या बड़ा, हमारे आंदोलन चलते रहते हैं। अपने किसानों, मजदूरों और रेहड़ी-पटरी वालों के बीच में हम जाते हैं। अगर देश में यही सरकार बनी रही तो बहुत से नए कानून लेकर आएगी। उन कानूनों से साप्ताहिक बाजार और रेहड़ी-पटरी खत्म कर दिए जाएंगे। वहां बड़े मॉल खुल जाएंगे। किसान बर्बाद हो जाएगा, साथ में रेहड़ी-पटरी का काम कर रहे 4.5 करोड़ लोग भी बर्बाद होंगे। देश में बड़ी कंपनियां मार्केट खोल रही हैं। उन्हें यहां सस्ता मजदूर और मार्केट आसानी से मिल जाता है। सवाल : जिन शर्तों पर दिल्ली का महाआंदोलन को खत्म किया गया था क्या वे पूरी हुईं? जवाब : नहीं हुईं। सरकार ने हमसे कोई बात नहीं की। सरकार से आखिरी वार्ता 22 जनवरी 2021 को हुई थी। उसके बाद इसके विषय में कोई भी बात नहीं हुई और न ही मांग पूरी हुई। रहा MSP गारंटी कानून का सवाल, बिजली या फिर बिजली अमेंडमेंट बिल का सवाल, तो वह भी तैयार रखा है। ऐसे बिलों के आने सुगबुगाहट है। स्मार्ट मीटर उसी की देन है। जहां-जहां प्राइवेट कंपनी आईं वहां किसान बर्बाद हुआ, देश गुलाम हुआ। आगरा में टोरंटो कंपनी की मनमानी चल रही है। सरकार के निर्धारित बिजली के रेट से ज्यादा वसूल रही है। किसानों ने पूरा भुगतान कर दिया उसके बाद भी 20 से लेकर 40 लाख रुपए बाद मे बकाया हो गया। सवाल : इस समय एयरलाइंस की जो स्थिति है उस पर क्या कहेंगे ? जवाब : इंडिगो एयरलाइंस ने जो आम लोगों के लिए परेशानी खड़ी की, यह बड़े उद्योगपतियों की मनमानी का उदाहरण है। एक एयरलाइन ने हड़ताल किया तो बाकी एयरलाइंस के दाम आसमान पर हो गए। हम एकबार अंडमान-निकोबार में थे। वहां से दिल्ली का टिकट ₹90000 का मिल रहा था। हम सवेरे तक रुके। उसी टिकट का दाम 10 हजार रुपए हो गया। इसका सिस्टम क्या है, यह हमें नहीं समझ आया। सवाल : कोडीनयुक्त कफ सिरप मामले को कैसे देखते हैं? जवाब : इस तरह का नेटवर्क सरकारों की मिलीभगत से फलता-फूलता है। बड़े-बड़े होलसेलर होते हैं जो यहां पर प्रतिबंधित चीज हैं, उनका इस्तेमाल करते हैं। सरकार और मंत्रियों के सहयोग के बिना यह चल ही नहीं सकता है। सवाल : कफ सिरप मामले में पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर सपा गंभीर आरोप लगा रही है? जवाब : इसमें कोई भी शामिल हो सकता है। किसी भी नेता का नाम आ सकता है। सरकार को इसकी जांच करानी चाहिए, क्योंकि यह बहुत बड़ा नेटवर्क है। इसमें बड़े लोग शामिल होते हैं तभी यह काम इर तरह से आ पाता है। सवाल: कई राज्यों में SIR हो रहा है। इस दौरान कई BLO की मौत की खबर आई। आप क्या कहेंगे ? जवाब : BLO तो ड्यूटी कर रहे थे। अपनी ड्यूटी सबको देनी चाहिए। मौत किसी की कहीं भी हो सकती है। हम नहीं मानते हैं कि मौत SIR के कारण हुई। अगर वोटर लिस्ट में आपके नाम-पते में खामियां हैं तो उन्हें ठीक करवाने में क्या दिक्कत है? हमारे परिवार के भी दो वोट दो जगह थे, हमने उसे सही करवाया। सवाल : विपक्ष कहता है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है? जवाब : चुनाव आयोग पूरा बीजेपी का ही तो है। फालतू में कहने को इंडिपेंडेंस बॉडी है। चुनाव आयोग सरकार के हिसाब से काम कर रहा है। सवाल : राहुल गांधी ने गृहमंत्री को डिबेट का चैलेंज किया, क्या लगता है वह करेंगे? जवाब : वह राहुल से डिबेट करेंगे ही नहीं। डिबेट बीजेपी का कोई नेता नहीं करेगा। उनके जो प्रोफेशनल प्रवक्ता होते हैं, जो पेड लोग हैं, वही डिबेट करते हैं। प्रवक्ता तो झूठ भी बोल देंगे, सारा काम करेंगे। उन्हें 40 मिनट पार्टी की बात रखने के लिए तनख्वाह दी जाती है, वही डिबेट कर सकते हैं। सवाल : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की चर्चा है, आप क्या कहेंगे? जवाब : भारत सरकार सब काम करवा रही है। बाबरी मस्जिद का नाम होगा तो इनका वोट बढ़ेगा। मस्जिद बनेगी मुसलमानों की, वोट पड़ेगा बीजेपी को। सरकार को जिससे फायदा होगा, वही काम करवाएगी। सवाल : क्या यह माना जाए कि आप फिर से महाआंदोलन खड़ा कर रहे हैं? जवाब : आंदोलन कब और कहां होगा, वह तो नहीं बता सकते मगर हमारी मीटिंग चल रही है। वैचारिक क्रांति दुनिया की सबसे बड़ी क्रांति है और विचार से सभी लोग सरकार के खिलाफ हैं। वैचारिक रूप से सरकार ठीक काम नहीं कर रही है। आम जनमानस, नेता, अधिकारी सब सरकार के खिलाफ हैं लेकिन बोलेंगे नहीं। टाइम आएगा तो सब साथ होंगे। ————————————– महापंचायत की खबर पढ़िए… ‘राजस्थान जैसा यूपी में भी संघर्ष होगा, तैयार रहिए’ : लखनऊ में भाकियू की महापंचायत, राकेश टिकैत बोले- आंदोलन से ही देश बचेगा लखनऊ में स्मार्ट मीटर सहित किसानों के कई मुद्दों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने महापंचायत की। बख्शी का तालाब (बीकेटी) में हुई महापंचायत में हजारों किसान जुटे। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत उन्हें संबोधित किया। राकेश टिकैत ने कहा- किसानों की जमीन खरीदने का बड़ा प्लान सरकार ने बना लिया है। यहां फसल दिन में नहीं बिक पाती है और अगर जमीन का सौदा कर दो तो रात में बिक जाएगी। यह सरकार का षडयंत्र है। राजस्थान जैसा संघर्ष यूपी में भी होगा। तैयार रहिए। (पूरी खबर पढ़िए)