देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम एक छात्र के साथ मारपीट, जान से मारने की धमकी और बाइक लूट की घटना सामने आई है। आरोप है कि लाइब्रेरी से लौट रहे छात्र को पहले पीटा गया, फिर हमलावरों ने उसके घर तक पीछा किया और दरवाजे पर चढ़कर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के पूर्वी मोहल्ला निवासी छात्र सुजीत कुमार सुजीत चौराहा स्थित एक लाइब्रेरी में नियमित रूप से पढ़ाई करते हैं। रविवार शाम जब वह लाइब्रेरी से पढ़कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में मोहल्ले के कुछ युवकों से उनका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर युवकों ने सुजीत के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। सुजीत किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंचे, लेकिन हमलावर उनका पीछा करते हुए घर तक आ धमके। आरोप है कि युवकों ने घर के दरवाजे पर चढ़कर गाली-गलौज की और सुजीत को जान से मारने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ती देख छात्र अपनी जान बचाने के लिए घर के पीछे के रास्ते से भाग निकला। इसी बीच, आरोपी युवक छात्र की बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार और मोहल्ले के लोग सदर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को लिखित तहरीर दी। तहरीर में मारपीट, जान से मारने की धमकी और बाइक लूट का आरोप लगाया गया है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने छात्र के साथ हुई इस घटना पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। सदर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।