पीलीभीत के माधोटांडा रोड पर साड़िया गांव के पास रविवार रात करीब 9 बजे एक निर्माणाधीन पुल पर बड़ा हादसा हो गया। ठेकेदार की कथित लापरवाही के चलते तेज रफ्तार डीसीएम (मालवाहक वाहन) पुल निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में डीसीएम में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, साड़िया गांव के पास पुल निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन निर्माण स्थल पर सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए थे। आरोप है कि रात के समय न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था थी और न ही निर्माणाधीन हिस्से को घेरने या वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए चेतावनी संकेतक लगाए गए थे। रविवार रात जब डीसीएम इस मार्ग से गुजर रही थी, तो अंधेरे और संकेतकों के अभाव में चालक अधूरे पुल और गहरे गड्ढे को समय रहते नहीं देख सका। परिणामस्वरूप वाहन अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से डीसीएम में फंसे तीनों घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में ठेकेदार की लापरवाही को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से दोषी ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और निर्माण स्थलों पर, विशेषकर रात के समय, सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो।