अभिनेता सोनू सूद के ठगी में शामिल होने के सबूत:1500 करोड़ की ठगी करने वाले रवींद्र नाथ ने रिमांड में उगले राज, दस्तावेज भी मिले

कानपुर पुलिस को 1500 करोड़ से ज्यादा की ठगी करने वाले इंटरनेशनल ठग रवीन्द्र नाथ सोनी से पूछताछ के दौरान फिल्म अभिनेता सोनू सूद के भी शामिल होने के साक्ष्य मिले हैं। फिल्म अभिनेता और प्रमोटर सिर्फ कंपनी के प्रमोशन तक ही नहीं शामिल थे, अभिनेता सोनू सूद, उनके मैनेजर अभिषेक राव के अलावा ठग ने दो साझेदारों सूरज जुमानी और विभाष के बैंक अकाउंट में कई बार ट्रांजेक्शन मिला है। एसआईटी मानकर चल रही है कि सोनू सूद के ठग से संबंध कंपनी के प्रमोटर तक ही नहीं थे, इनसे बढ़कर थे। एसआईटी के मुताबिक जांच चल रही है। जल्द ही सोनू सूद और उसके मैंनेजर समेत अन्य से पूछताछ करके केस में आगे की कार्रवाई की जाएगी। करोड़ों के बैंक ट्रांजेक्शन मिले, हवाला के जरिए भी होता था लेनदेन पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि कानपुर से जेल भेजा गया शातिर ठग रवीन्द्र नाथ सोनी की जांच आईपीएस अंजली विश्वकर्मा की अध्यक्षता में गठित एसआईटी कर रही है। एसआईटी की जांच में सामने आया था कि इँटरनेशनल ठग रवीन्द्र नाथ सोनी ने इंडिया, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, जापान और दुबई समेत कई देशों के 700 से ज्यादा लोगों से करीब 1500 करोड़ से ज्यादा की ठगी को अंजाम दिया है। महाठग रवीन्द्र नाथ को छह दिन की रिमांड पर लेकर कानपुर से लेकर उसके दिल्ली और देहरादून स्थित ठिकानों पर ले जाकर पूछताछ की तो चौंकाने वाले खुलासा हुए हैं। इसके साथ ही भारी मात्रा में ठगी से जुड़े दस्तावे भी पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस कमिश्नर की मानें तो रिमांड पर पूछताछ के दौरान रवींद्र नाथ सोनी ने एसआईटी को बताया कि उसने कोई वकील नहीं किया है। फिल्म अभिनेता सोनू सूद के मैनेजर अभिषेक राव और साझेदार सूरज जुमानी ने वकीलों की व्यवस्था की है। वही आकर पैरवी कर रहे हैं। पूछताछ में पता चला है कि ठग के पार्टनर विभाष के कई कॉल सेंटर हैं। इसमें दुबई, पाकिस्तान, विशाखपट्नम और नोएडा में कॉल सेंटर चल रहे हैं। इनके जरिये ठगी का काम किया जा रहा था। इन कॉल सेंटर पर रेड पड़ने की जानकारी भी मिली थी। इसलिए काम कम दिया गया था। इसी तरह से 14 कंपनी के बाद महाठग की दुबई में ब्लू म्यूजिक कंपनी का पता लगा है। अब एसआईटी उस कंपनी व कॉल सेंटर की जानकारी इकट्ठा करने में जुटी हुई है। अभिनेता सोनू सूद के मैनेजर ने खुलवाई कंपनी पूछताछ में रवींद्र नाथ ने एसआईटी को बताया कि फिल्म अभिनेता सोनू सूद के मैनेजर अभिषेक राव ने पार्टनर सूरज जुमानी को बैंकॉक में एक कंपनी खुलवाई थी। सूत्रों के मुताबिक इस कंपनी से ही बैंकॉक और आसपास के देशों में ठगी का खेल खेला जा रहा था। जमीन व अन्य माध्यमों से पैसा लगवाया जा रहा था। इसी तरह से कई अन्य कंपनियां खोलने में भी सोनू सूद के मैनेजर ने मदद की है। इसलिए उसके खातों में भी लाखों का लेनदेन होता था। हवाला से भेजा पैसा, यूएस डीटी क्रिप्टो में भी निवेश एसआईटी की पूछताछ में महाठग ने बताया कि पूरे कारोबार में लेन-देन हवाला के जरिये ही होता था। हर देश का पैसा कन्वर्ट कराकर उसको भेजा जाता था। हवाला के जरिये एक देश का पैसा दूसरे देश में आसानी से भेजा जाता था। इसी तरह से जापानी समेत अन्य देशों का पैसा ट्रांसफर किया गया। एसआईटी को ट्रान क्रिप्टो के बाद यूएस डीटी क्रिप्टो में पैसा लगाने की जानकारी मिली है। इसकी ट्रेडिंग बाइनेंस ऐप के जरिये की गई है। अब उसके पासवर्ड का पता लगाया जा रहा है। पहले 3650 करोड़ क्रिप्टो में लगे होने की पुष्टि हो चुकी है।