हापुड़ में हाईवे पर बदमाशों ने बाइक सवार चीनी व्यापारी के मुनीम से 85 लाख रुपए की लूट की। मुनीम लेन-देन के पैसे लेकर बाइक से लौट रहा था। तभी पिलखुवा हाईवे पर बदमाशों ने बाइक से उसका पीछा किया। टक्कर मारकर उसे गिरा दिया। इसके बाद पहले उसे जमकर पीटा। फिर कनपटी पर तमंचा सटाकर उसे धमकाया और पैसे से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच पड़ताल की। पीड़ित को सरस्वती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामला दोपहर करीब 2.30 बजे का पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र का है। अब पढ़िए पूरा मामला… नोएडा के दादरी निवासी अजय पाल (42) घी-तेल और चीनी के बड़े कारोबारी गोपाल के यहां मुनीम का काम करते हैं। अजय पाल ने बताया- सोमवार को वे बाइक से फुटकर व्यापारियों से कलेक्शन करने निकले थे। करीब 85 लाख रुपए का पेमेंट कलेक्ट किया था। कलेक्शन करने के बाद वापस ऑफिस लौट रहे थे। दोपहर करीब 2.30 बजे दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पिलखुआ थाना क्षेत्र में सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचे थे, तभी पीछे से सफेद अपाचे बाइक पर दो बदमाश हेलमेट पहने आए। उन्होंने अजय की बाइक में टक्कर मारी, जिससे वह बाइक समेत गिर गए। गिरते ही बदमाशों ने पहले उन्हें पीटा। फिर कनपटी पर तमंचा सटाकर पैसों से भरा पिठ्ठू बैग छीन लिया। इसके बाद तमंचे की बट से सिर पर वार करके बैग लेकर पिलखुवा में नहर की पटरी से होते हुए वे जारचा-दादरी की ओर भाग गए। पैर में चोट लगने की वजह से अजय उनका पीछा नहीं कर पाए। लूट के दौरान घायल अजय पाल को स्थानीय लोगों की मदद से सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उनके सिर और पैर में चोट लगी है। उनकी हालत ठीक है। मुनीम अजय पाल ने बताया कि वह हफ्ते में एक बार स्थानीय व्यापारियों से कलेक्शन करते हैं। इसके बाद पैसे को लेकर ऑफिस जाते हैं। अगले दिन पैसे बैंक में या फिर अपने मालिक कारोबारी गोपाल के पास जमा करा देते हैं। वह काफी समय से यह काम कर रहे हैं। पुलिस सर्विलांस के जरिए बदमाशों की तलाश कर रही
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि नोएडा के कारोबारी गोपाल के मुनीम अजय पाल के साथ आज लूट की घटना हुई। अजय दो जिले से 50 और 35 लाख रुपए कलेक्शन करके गाजियाबाद न्यू मार्केट जा रहे थे।हापुड़ में हाईवे पर उनके साथ लूट की घटना हुई। घटना की जांच के लिए 3 टीमें गठित की गई हैं। मामले की जांच चल रही है। मुनीम से भी पैसों और बदमाशों के बारे में डिटेल ली जा रही है। लूट की वारदात को गंभीरता से लिया गया है। टीमें गठित कर दी गई हैं। सीसीटीवी और सर्विलांस के जरिए बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। लूट की सूचना पर मेरठ जोन के अधिकारी मौके पर पहुंचे इतनी बड़ी रकम की लूट की जानकारी मिलते ही एडीजी भानू भास्कर और डीआईजी कलानिधि नेथानी समेत मेरठ जोन के कई वरिष्ठ अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके अलावा बागपत के एसपी सूरज कुमार राय और मेरठ सिटी के एसपी आयुष विक्रम सिंह को भी मौके पर भेजा गया। देर शाम तक पुलिस अधिकारी घटना के खुलासे के लिए जुटी है। अधिकारियों ने दिल्ली एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े गैंगों और गुर्गों की कुंडली खंगालना शुरू कर दी है। —————————————————————– ये खबर भी पढ़िए… मैं 95% डैमेज हो चुकी थी…10 सेकेंड में जीती फाइट:प्रयागराज में गोल्ड मेडलिस्ट खुशबू बोलीं- कलाई पर पापा का नाम देख जान आई 2-3 पंच मुझे और पड़ते तो गेम ओवर हो जाता। वो मुझे 95% डैमेज कर चुकी थी। फिर मैंने कलाई पर लिखा हुआ पापा का नाम देखा। तब पता नहीं कहां से मेरे शरीर में जान आ गई। मैं हिम्मत करके उठी। मम्मी-पापा को याद कर मैंने पूरी ताकत झोंक दी और यह मेडल अपने नाम किया। आखिरी 10 सेकेंड में मैंने ये फाइट जीती। ये कहना है प्रयागराज की गोल्ड मेडलिस्ट बेटी खुशबू निषाद का। । पढ़िए पूरी खबर…