कानपुर में 11वीं के स्टूडेंट को दबंग ने जमीन पर पटक दिया। लात-घूंसे बरसाए। फिर उसकी टीशर्ट फाड़ दी। हाथ पकड़कर उसकी अंगुलियां मोड़ दीं। पार्क में मौजूद लोगों ने छात्र को बचाया। छात्र का कहना है कि रविवार शाम मैं पार्क में फुटबॉल खेल रहा था, तभी फुटबाल आरोपी के घर के गेट पर जा लगी। आरोपी घर के अंदर गालियां देता हुआ बाहर आया। फिर पार्क में पहुंचकर छात्र को पीटने लगा। छात्र अपने टीचर पिता के साथ चौकी पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने समझौता करा दिया। सोमवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो फिर से पुलिस एक्टिव हुई। मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र का है। विस्तार से पढ़िए पूरा मामला पार्क में फुटबॉल खेल रहा था छात्र
कल्याणपुर के इंद्रानगर निवासी प्रशांत श्रीवास्तव शिक्षक हैं। उनका बेटा 11वीं का छात्र है। रविवार को वह घर के पास बने सेंट्रल पार्क में फुटबॉल खेलने गया था। यहां उसके दोस्त भी आने वाले थे। वह उनका इंतजार कर रहा था। दोस्तों के इंतजार के दौरान छात्र अकेले ही फुटबॉल खेलने लगा। इसी दौरान फुटबॉल इलाके में रहने वाले एक दबंग व्यक्ति के मेन गेट से टकरा गई। इसी बात से आरोपी नाराज हो गया। घर की बालकनी से ही उसने मेरे बेटे को गालियां देनी शुरू कर दीं। बेटे ने विरोध किया तो वह नीचे उतर कर पार्क में पहुंच गया। यहां मेरे बेटे के साथ मारपीट करने लगा। आरोपी ने उसके हाथ की अंगुलियों को मोड़ दिया। फिर उसे जमीन पर पटक दिया। जमीन पर गिरा कर बेटे को लात-घूंसों से पीटा। एक महिला मेरे बेटे को बचाने पहुंची तो आरोपी ने उसे डांट दिया। छात्र की टी-शर्ट फाड़ दी, गालियां दीं
फिर आरोपी ने मेरे बेटे की टी-शर्ट फाड़ दी। वह लगातार मेरे बेटे को करीब 5 मिनट तक पीटता रहा। लोग मौके पर पहुंचे और बेटे को बचाया। घर आकर बेटे ने मुझे घटना की जानकारी दी। हम शिकायत करने पुलिस के पास पहुंचे। मगर पुलिस ने दबाव डालकर समझौता करा दिया। इस घटना के बाद से मेरा बेटा गुमसुम है। वह किसी से बात नहीं कर रहा है। घर के बाहर भी नहीं जा रहा है। कल्याणपुर थाना प्रभारी राजेंद्रकांत शुक्ला ने बताया कि रविवार को घटना हुई थी। जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। पुलिस को तहरीर भी नहीं दी गई थी। अब वीडियो के आधार पर मामले का संज्ञान लिया जा रहा है। अगर तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ……………….. ये खबर भी पढ़िए- वाराणसी में अनुपम खेर फ्लाइट कैंसिल होने पर भड़के:बोले- भड़ास निकालना चाहता हूं, मगर अब कचौड़ी-चाट खाऊंगा बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर सोमवार को फ्लाइट कैंसिल होने पर नाराज हो गए। वे इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट से हैदराबाद से वाराणसी पहुंचे। यहां से उन्हें खजुराहो के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी थी, लेकिन अचानक फ्लाइट रद्द कर दी गई। ऐसे में उन्हें अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी। पढ़ें पूरी खबर…