इंफ्लुएंसर शादाब जकाती के खिलाफ FIR की मांग:भोपाल में ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कहा- मस्जिदें मजाकिया वीडियो बनाने का मंच नहीं

उत्तर प्रदेश के मेरठ के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती अपने कंटेंट को लेकर लगातार विवादों में हैं। ताजा मामला उनकी भोपाल विजिट से जुड़ा है। दरअसल, शादाब सोमवार को भोपाल में ऐतिहासिक ताज उल मसाजिद में गए थे। इस दौरान उन्होंने रील बनाई। उनके फैंस ने भी कई वीडियो बनाए। इस कंटेंट क्रिएशन पर ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने कड़ा रुख अपनाया है। कमेटी सदस्यों ने बैठक कर मामले को गंभीर बताया और कानूनी कार्रवाई का निर्णय लिया। बैठक के बाद कमेटी की ओर से कोहेफिजा थाना पुलिस को एक लिखित शिकायत सौंपी गई है। इसमें शादाब जकाती पर धार्मिक भावनाएं आहत करने, मस्जिद की पवित्रता और मर्यादा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। कमेटी ने पुलिस से मांग की है कि एफआईआर दर्ज कर शादाब जकाती पर सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है। भोपाल मुस्लिम कमेटी के संरक्षक शमशुल हसन ने कहा- मस्जिदें इबादत की जगह हैं, न कि सोशल मीडिया के लिए हल्के-फुल्के या मजाकिया वीडियो बनाने का मंच। ऐसे कृत्य से न केवल धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं, बल्कि मस्जिद में आने वाले बच्चों और युवाओं पर भी गलत संदेश जाता है। शादाब जकाती ने कहा- मेरा नजरिया अलग
इससे पहले सोमवार को इन्फ्लुएंसर शादाब जकाती ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत की। शादाब ने कहा- लोगों की राय अपनी जगह है। मेरा नजरिया अलग है। लोगों को लगता है कि मुझसे गलती हुई है लेकिन मुझे ऐसा नहीं लगता है। शादाब ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिएक्शन अहम होते हैं। अगर हम पंच नहीं मारेंगे, अगर हम रिएक्शन नहीं देंगे, तो वीडियो कौन देखेगा? सोशल मीडिया पर रिएक्शन आते हैं, यही सिस्टम है। शादाब ने यह भी कहा कि लोग अक्सर कैमरे के सामने दिखाई देने वाली चीजों को पूरी तरह सच मान लेते हैं। ये सब चीजें अमूमन घरों में भी होती हैं। हंसी-मजाक चलता रहता है, लेकिन जब वही चीज कैमरे के सामने आती है तो बात बढ़ जाती है। शादाब जकाती से दैनिक भास्कर ने विवादित कंटेंट समेत कई मुद्दों पर बात की। पढ़िए, उनके जवाब… 10 वाला बिस्कुट से फेमस हुए शादाब जकाती
शादाब उत्तर प्रदेश के मेरठ के इंचौली क्षेत्र के रहने वाले हैं। क्रिकेट के शौकीन हैं। सऊदी अरब में बतौर ड्राइवर काम कर चुके हैं। वहीं से वीडियो बनाने की शुरुआत की थी। शादाब का एक वीडियो ’10 वाला बिस्कुट का पैकेट कितने का है जी…’ हिट हो चुका है। इसे करोड़ों लोग देख चुके हैं। रैप सिंगर बादशाह, क्रिकेटर रिंकू सिंह और कुलदीप यादव समेत कई सेलिब्रिटीज इस वीडियो को कॉपी कर चुके हैं। शादाब जकाती से जुड़ा विवाद भी जानिए
शादाब जकाती के जिस वीडियो को लेकर विवाद हुआ था, उसे उन्होंने अपनी बेटी के साथ बनाया था। वीडियो में वे एक बच्ची और दो महिलाओं के साथ दिखाई दिए थे। इसमें शादाब, एक किराने की दुकान पर बैठे हैं। बच्ची सामान लेने आती है। जकाती पैसे मांगते हैं तो वह कहती है कि पैसे मम्मी आकर देगी। वह बच्ची से अभद्र कमेंट करते हैं। फिर वह उसकी मां पर कमेंट करते हैं। कहते हैं कि जब यह इतनी खूबसूरत है तो इसकी मम्मी कितनी खूबसूरत होगी। इसके बाद वह उस बच्ची के घर पहुंचते हैं। आवाज देने पर घर का दरवाजा एक महिला खोलती है। महिला से शादाब कहते हैं कि तुम्हारी बच्ची सामान लेकर आई थी। अब तुम पैसे क्या दोगी? एक KISS ही दे दो। इसी बीच नाबालिग घर के अंदर से एक महिला के साथ बाहर आती है। जकाती से कहती है कि अंकल मेरी मम्मी ये हैं, जो मेरे साथ हैं। इसके बाद जकाती पैसे मांगने लगते हैं। इस वीडियो के खिलाफ भाजपा नेता राहुल ठाकुर की शिकायत पर FIR हो चुकी है। 27 नवंबर को पुलिस ने शादाब को गिरफ्तार किया था। जमानत मिलने पर शादाब ने लोगों के समर्थन का आभार जताते हुए कहा था कि मैंने कुछ गलत नहीं किया है। चूंकि, लोगों ने एक वीडियो पर नाराजगी जताई है, इसलिए वीडियो डिलीट कर दिया है। पढ़िए, सवालों पर जकाती के जवाब… FIR पर बोले- हेटर्स तो हर किसी के होते हैं
हालिया विवादों और सोशल मीडिया पर हो रही तीखी आलोचनाओं पर शादाब जकाती ने कहा- इस तरह की बातें किसी एक इंसान तक सीमित नहीं होती हैं। सोशल मीडिया पर सक्रिय हर व्यक्ति को इसका सामना करना पड़ता है। हेटर्स तो सभी के होते हैं। कोई ऐसा इंसान नहीं है, जिसके हेटर्स न हों। घरों में भी होते हैं और बाहर भी होते हैं। हमारे आसपास भी ऐसे लोग रहते हैं, जो हर बात में कमी निकालते हैं। उन्होंने कहा- मैं हेटर्स की बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं देता। उनके लिए मैं बस यही कहना चाहूंगा कि आप अपना काम कीजिए और हमें भी हमारा काम करने दीजिए। हम अपना काम करते रहेंगे। हर किसी को अपनी जिंदगी जीने का हक है। मैं कानून का सम्मान करता हूं
अपने ऊपर दर्ज FIR को लेकर शादाब जकाती ने कहा- मैं हिंदुस्तान के कानून का सम्मान करता हूं। इस देश का कानून सबके लिए है। हम भी इसी देश के बाशिंदे हैं। हमें भी अपनी बात रखने का हक है। मैंने अपनी तरफ से पूरा जवाब पेश कर दिया है। काम ऐसा हो कि दिल पर बोझ न हो
शादाब जकाती से पूछा गया कि अगर उन्हें वक्त को पीछे ले जाने का मौका मिले, तो क्या वे अपने काम या कंटेंट में कुछ बदलाव करना चाहेंगे। जवाब में उन्होंने कहा- अगर वक्त पीछे चला जाए तो मैं यही कहूंगा कि साफ-सुथरी वीडियो बनाइए। जो अल्लाह ने आपको टैलेंट दिया है, उसी में ईमानदारी से काम कीजिए। उन्होंने कहा कि इंसान को अपने हुनर पर भरोसा रखना चाहिए। हर इंसान को जो काबिलियत मिली है, वही उसकी पहचान है। उसी रास्ते पर चलना चाहिए और उसी में मेहनत करनी चाहिए। शादाब ने यह भी कहा कि काम ऐसा होना चाहिए, जिसे लेकर दिल में कोई बोझ न रहे। काम ऐसा होना चाहिए कि इंसान खुद भी उससे संतुष्ट रहे। ईमानदारी से किया गया काम ही आखिर में काम आता है। 50 प्रतिशत कमाई गरीबों के लिए
इन्फ्लुएंसर बनने के सफर पर शादाब ने कहा- मैं 8-9 साल से मेहनत कर रहा हूं। हम मैसेज देने वाले वीडियो बनाते हैं, ताकि लोगों का भला हो। जो भी अर्निंग होती है, उसका 50% हम भलाई के कामों में लगाते हैं। हमारी टीम लगी हुई है। जो बेवा औरतें हैं, जिनके पास कमाने वाला कोई नहीं, उनकी देखरेख करते हैं। मस्जिदों के इमाम की सैलरी बहुत कम होती है, उनका भी ध्यान रखा जाता है। शादाब बोले- मैं यही मैसेज देना चाहता हूं कि इनका भी हक है। लोग हाल-बवाल में बहुत खर्च कर देते हैं, लेकिन गरीबों के लिए कोई आगे नहीं आता। सर्दी में लोग ठिठुरते हैं, कोई कंबल नहीं बांटता, कोई गर्म कपड़े नहीं देता। गरीब आदमी का भी हक है, लेकिन उस पर कोई बात नहीं करता। भोपाल सुकून का शहर, दिल को छू गया
शादाब ने कहा- मैं पहली बार भोपाल आया हूं। भोपाल बहुत अच्छा और खूबसूरत शहर है। मैं इसे सुकून का शहर कहूंगा। यहां लोगों ने जो इज्जत दी, वो वाकई काबिल-ए-तारीफ है। जहां भी गया, छोटे मियां-बड़े मियां, सबने बहुत अच्छी मेजबानी की। लोग बहुत प्यार कर रहे हैं। भोपाल में सबसे अच्छा मस्जिद में लगा। एशिया की सबसे बड़ी मस्जिद है। मस्जिद के अंदर बहुत सुकून है। मस्जिद कमेटी के लोग मिले, उन्होंने बहुत इज्जत दी। इससे पता चलता है कि मस्जिद की शान और शौकत कितनी बड़ी है। कॉमेडी ही करता हूं, फिल्म भी कर रहा हूं
सेलिब्रिटी मुलाकातों और फिल्मों को लेकर शादाब ने कहा कि सभी से मुलाकात अच्छी रहती है। बॉलीवुड में भी फिल्म कर रहा हूं। मैं हमेशा कॉमेडी करता हूं ताकि लोगों को हंसा सकूं। जॉनी लीवर साहब के साथ ही फिल्म कर रहा हूं। यह खबर भी पढ़ें… शादाब ने शराबी बनकर बेटी के साथ VIDEO बनाया मेरठ के सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर शादाब जकाती की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। वो एक बार फिर अपनी नाबालिग बेटी के साथ वीडियो बनाकर बुरे फंस गए। वीडियो में शादाब जकाती बेटी के साथ कव्वाली गाते नजर आ रहे हैं। ‘दो घूंट पिला दे साकिया…’ पर शराबियों की तरह एक्टिंग और डांस कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…