फर्रुखाबाद जनपद के फ़तेहगढ़ सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे माफिया सुभाष ठाकुर को मुंबई पुलिस अपने साथ ले गई है। उसे मुंबई के न्यायालय में पेश किया जाएगा। वाराणसी के नेवादा गांव का निवासी सुभाष सिंह ठाकुर उर्फ सुभाष राय उर्फ बाबा, फतेहगढ़ स्थित सेंट्रल जेल में बंद था। 1990 के दशक से ही उसका नाम मुंबई अंडरवर्ल्ड में सक्रिय रहा है। वह मुंबई में बिल्डरों से रंगदारी वसूलने और सुपारी लेकर हत्याएं कराने के लिए जाना जाता था। सुभाष ठाकुर के गुर्गों ने 1992 में मुंबई के जेजे अस्पताल में गोलीबारी की थी। वर्ष 2000 में मुंबई की एक अदालत ने उसे हत्या, हत्या के प्रयास और टाडा एक्ट के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। सेंट्रल जेल अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि मुंबई पुलिस सुभाष ठाकुर को न्यायालय में पेशी के लिए ले गई है।