कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मठिया में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। यह घटना 15 दिसंबर 2025 की रात की है। घटना के संबंध में कप्तानगंज थाने में बीएनएस की गंभीर धाराओं एवं 7 सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में कुल 72 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिनमें 22 नामजद और 50 अज्ञात आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 महिलाओं सहित कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में लाठी-डंडे और लोहे की रॉड बरामद की गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। सीओ कसया कुन्दन सिंह ने बताया कि जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कप्तानगंज पुलिस को यह एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।