लखनऊ में कंपनी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर जालसाजों ने 50 लाख रुपये की ठगी कर ली। जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी महिला ने झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी देनी शुरू कर दी। पीड़ित की शिकायत पर हुसैनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम काशी निवासी बिलाल के मुताबिक उनके व्हाट्सएप पर एक अंजान नंबर से ऑनलाइन निवेश से जुड़ा मैसेज आया था। मैसेज में दिए गए नंबर पर कॉल करने पर उनकी बातचीत कैसरबाग खंदारी बाजार निवासी अंजनी शर्मा उर्फ अंजली से हुई। अंजली ने खुद को फॉरएवर लिविंग प्रोडक्शन नामक कंपनी से जुड़ा बताते हुए प्रोडक्ट की खरीद-फरोख्त के जरिए निवेश पर अच्छा मुनाफा देने का दावा किया। कंपनी का कार्यालय हजरतगंज स्थित एसबीआई शाखा के पीछे बताया गया। 14 जुलाई 2024 को दिल्ली में आयोजित कंपनी की एक मीटिंग में बिलाल को बुलाया गया, जहां अंजली ने कंपनी के अधिकारी लक्ष्मण सुनरी, ममता, आशुतोष, अमन शर्मा सहित अन्य लोगों से उनकी मुलाकात कराई। मीटिंग में निवेश पर सात फीसदी प्रतिमाह मुनाफा मिलने का दावा किया गया। पीड़ित ने शुरुआत में कम रकम का निवेश किया, जिस पर कुछ समय तक मुनाफा भी मिला। इससे भरोसा बढ़ा और आरोपितों के कहने पर बिलाल ने अलग-अलग किस्तों में कुल 50 लाख रुपये निवेश कर दिए। 27 अप्रैल को मेरठ में एक और मीटिंग हुई। इसके बाद जब निवेशकों ने अपने रुपये वापस मांगने शुरू किए तो अंजली ने एक सप्ताह में भुगतान का भरोसा दिलाया। हालांकि, करीब एक माह बीत जाने के बाद भी रुपये नहीं लौटाए गए। अब रकम मांगने पर आरोपित झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगे। पीड़ित की तहरीर पर हुसैनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।