जेवर एयरपोर्ट सुरक्षा मजबूत करने की तैयारी:दो नए थाने, चार अस्थायी चौकियां स्थापित होंगी

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर एयरपोर्ट क्षेत्र में दो नए पुलिस थाने और चार अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की जा रही हैं। एयरपोर्ट के चालू होते ही इन स्थानों पर थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी जाएगी। एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सहायता को उच्चस्तरीय तथा तकनीक-आधारित बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में, जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन की स्थापना एयरपोर्ट टर्मिनल के अंदर की गई है। जबकि, जेवर इंटरनेशनल टर्मिनल पुलिस स्टेशन को एयरपोर्ट टर्मिनल के बाहर स्थापित किया जा रहा है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल स्टेशन पर एक निरीक्षक, दो उपनिरीक्षक, नौ मुख्य आरक्षी, पंद्रह आरक्षी, दो चालक आरक्षी और तीन कंप्यूटर ऑपरेटर की तैनाती को स्वीकृति मिल चुकी है। एयरपोर्ट की ओर आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर चार अस्थायी पुलिस चौकियां भी स्थापित की गई हैं। इनमें जेवर थाना क्षेत्र में जेवर इंटरचेंज, रबूपुरा थाना क्षेत्र में करौरल अंडरपास, दनकौर थाना क्षेत्र में अच्छेजा कट और दादरी थाना क्षेत्र में बील कट शामिल हैं। इन चौकियों पर कुल 49 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इन चौकियों का मुख्य उद्देश्य यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुंबई हाईवे से एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों और वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। सभी चौकियों पर आधुनिक तकनीक से लैस सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनकी निगरानी एक केंद्रीय कंट्रोल रूम से की जाएगी। दोनों नए पुलिस थानों और अस्थायी चौकियों को डिजिटल पुलिसिंग सिस्टम से जोड़ा जाएगा, जिससे वास्तविक समय में सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान संभव हो सकेगा। यातायात नियंत्रण के लिए इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम को भी मजबूती से लागू किया जा रहा है। आपातकालीन स्थितियों में त्वरित राहत प्रदान करने के लिए स्थानीय अस्पतालों और एम्बुलेंस सेवाओं के साथ एक एकीकृत प्रणाली भी विकसित की जा रही है।