मऊ जिले में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सरायलखंसी थाना क्षेत्र के बढूआ गोदाम के पास बुधवार शाम करीब 8:30 बजे हुई, जब एक तेज रफ्तार बाइक ट्रेलर से टकरा गई। जानकारी के अनुसार, घने कोहरे के कारण बदुवा गोदाम फोर लेन के पास बाइक ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में गुलशन कुमार पुत्र सीता यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मटेहू, जनपद गाजीपुर निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र नंदलाल राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने गुलशन कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि जितेंद्र कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। इसी वजह से हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।