अकराबाद थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सिकंदरपुर के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ की नई बस्ती निवासी 25 वर्षीय अदनान पुत्र अकबर और तरहां पुत्र यूसुफ अपनी बाइक से छर्रा से अलीगढ़ जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई, जिससे दोनों युवक नीचे गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क पर गिरे दोनों बाइक सवारों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में अदनान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तरहां गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल तरहां को एंबुलेंस से तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक अदनान के शव का पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, मृतक के परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे हैं।