यूपी विधानमंडल के शीतकालीन सत्र का आज पहला दिन था। योगी ने सुबह साढ़े 11 बजे विधानसभा के बाहर कफ सिरप को लेकर सपा पर तंज कसा। कहा- शुरुआती जांच में पता चला है कि अब तक जो लोग पकड़े गए हैं। उनके संबंध सपा से हैं। इतना ही कहना चाहेंगे कि उम्र भर यही गलती बार-बार करता रहा, धूल चेहरे पर थी, आइना साफ करता रहा। विधान परिषद में अगर मामला आएगा तो हम जवाब देंगे। 1 घंटे बाद अखिलेश ने सीएम के बयान पर पलटवार किया। कहा- जब खुद फंस जाओ, तो दूसरे पर इल्जाम लगाओ, ये खेल हुआ पुराना, हुक्मरान कोई नई बात बताओ। इस बीच सदन के पहले दिन विधानसभा में घोसी विधायक सुधाकर सिंह के निधन पर शोक प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद सदन की कार्यवाही सोमवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं, विधान परिषद में सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और नेता शिक्षक दल ध्रुव कुमार त्रिपाठी के बीच नोकझोंक हो गई। बात नलकूपों की थी। पूर्व में दी गई सूचना पर जवाब देते हुए स्वतंत्र देव ने कहा, सिद्धार्थ नगर में 455 नलकूप चल रहे हैं। ध्रुव कुमार ने मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की बातों का खंडन किया। कहा, एक भी नलकूप संचालित नहीं चल रहे है। कहीं पानी नहीं आ रहा है। इस पर स्वतंत्र देव ने कहा, कोई 5 बता दें, जो खराब है। अगर 455 खराब है तो वो भी बताइए। ये सदन है। अगर 455 खराब हैं तो हम चेक कर लेते हैं। आपको भी रिजाइन देना पड़ेगा, मैं भी दूंगा। झूठ की पराकाष्ठा नहीं है। स्पीकर ने हस्तक्षेप किया। विधान परिषद की कार्यवाही सोमवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। इधर, सपा विधायक बृजेश यादव साइकिल में कोडीन कफ सिरप का डिब्बा बांधकर विधानसभा पहुंचे। जिस पर लिखा- ‘जादुई सिरफ। पीने वाला मर जाता है। बेचने वाला दौलतमंद हो जाता है। सत्ता का संरक्षण पाता है। फिर विदेश निकल जाता है।’ सपा विधायक मुकेश वर्मा पोस्टर पहनकर सदन पहुंचे। जिस पर लिखा था- ‘सिरप कांड में बड़े-बड़े लोग शामिल हैं। इनके घर कब बुलडोजर जाएगा। जहर का धंधा बंद किया जाए।’ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी सपा पर पलटवार किया। वो भी एक तस्वीर लेकर पहुंचे। इसमें अखिलेश यादव और कोडीन सिरप मामले में आरोपी STF के सिपाही आलोक सिंह की नजर आ रहे हैं। डिप्टी सीएम ने कहा- इसमें जो लोग अखिलेश के साथ दिख रहे हैं, वो कफ सिरप कांड में फरार हैं। गांव में कहावत है कि चोर की दाढ़ी में तिनका। सपाई अपनी ही दाढ़ी सहलाकर बता रहे कि कुछ फंसा है। 3 तस्वीरें देखिए… पोल में हिस्सा लेकर राय दे सकते हैं- दूसरा अनुपूरक बजट पेश होगा
बता दें कि सोमवार को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना वित्तीय वर्ष 2025-26 का दूसरा अनुपूरक बजट भी पेश करेंगे। 4 घंटे तक वंदे मातरम् पर भी चर्चा होगी। SIR, कोडीन समेत कई मुद्दों पर नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय सरकार से सवाल करेंगे। सीएम योगी 23-24 दिसंबर को विधानसभा में अपनी बात रखेंगे। यूपी विधानसभा और विधानपरिषद से जुड़े अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…