पाकिस्तानी महिला शिक्षिका पर दर्ज होगा मुकदमा:रामपुर में तथ्य छिपाकर नौकरी पाने का आरोप, एसपी ने जांच दिए आदेश

रामपुर में एक पाकिस्तानी नागरिक महिला के खिलाफ सरकारी नौकरी से जुड़े गंभीर आरोपों में जल्द ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। एसपी विद्यासागर मिश्र ने बीएसए कल्पना देवी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। महिला पर अपनी पाकिस्तानी नागरिकता छिपाकर शिक्षिका की सरकारी नौकरी हासिल करने का आरोप है। मामला नगर कोतवाली क्षेत्र की फरजाना से संबंधित है। जानकारी के अनुसार, फरजाना का निकाह 17 जून 1979 को पाकिस्तान के सिबगत अली से हुआ था। निकाह के बाद वह पाकिस्तान चली गईं। जहां उन्होंने पाकिस्तानी नागरिकता प्राप्त की। वहीं उनकी दो बेटियों का जन्म हुआ। करीब तीन वर्ष बाद पति से तलाक होने के बाद फरजाना अपनी दोनों बेटियों के साथ मायके रामपुर लौट आईं। बताया गया है कि फरजाना के खिलाफ वर्ष 1993 में स्थानीय खुफिया इकाई (LIU) द्वारा नगर कोतवाली में विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि पाकिस्तानी वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद वह रामपुर में रह रही थीं। जांच में यह भी सामने आया कि फरजाना ने 22 जनवरी 1992 को अपनी पाकिस्तानी नागरिकता का तथ्य छिपाकर शिक्षिका की नौकरी प्राप्त की थी। LIU की जांच में मामला उजागर होने के बाद उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। अब शासनादेश जारी होने के बाद बीएसए कल्पना देवी ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। एसपी विद्यासागर मिश्र ने पुष्टि की है कि शिकायत के आधार पर फरजाना के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए शीघ्र ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।