हापुड़ जनपद में नेशनल हाईवे-9 पर शनिवार रात को एक चलती कैंटर में भीषण आग लग गई। निजामपुर गांव के पास हुई इस घटना में कैंटर पूरी तरह जलकर खाक हो गई, हालांकि चालक की सूझबूझ से कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक गांव निजामपुर के पास एक तेज रफ्तार से जा रही कैंटर गाड़ी अचानक आग का गोला बन गई। आग लगते ही चालक ने तुरंत गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और कैंटर धू-धू कर जलने लगी। आग लगने की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया, जिससे हाईवे पर यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। सीएफओ अजय शर्मा ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच पड़ताल की जाएगी।