कासगंज के सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के ग्राम ताजपुर में रविवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। खेत में बनी एक झोपड़ी में अचानक आग लग गई। आग बुझने के बाद जब ग्रामीण झोपड़ी के भीतर पहुंचे तो वहां एक अज्ञात व्यक्ति का जला हुआ शव पड़ा मिला। ताजपुर निवासी सौरभ माथुर पुत्र सत्यपाल ने 20 दिसंबर को अपने खेत में पशुओं की रखवाली के लिए एक झोपड़ी बनवाई थी। रविवार 21 दिसंबर की देर शाम किसी अज्ञात कारण से झोपड़ी में आग भड़क उठी। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। धुआं छंटने के बाद अंदर का दृश्य देख ग्रामीण सन्न रह गए। घटना की सूचना खेत मालिक को दी गई, लेकिन उसके मौके पर पहुंचने से पहले ही अज्ञात व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही सिढ़पुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं और झोपड़ी में आग लगने के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। झोपड़ी में आग लगने और अंदर जला हुआ शव मिलने की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।