इटावा के जसवंतनगर क्षेत्र में चित्रकूट जिला जेल में तैनात डिप्टी जेलर प्रमोद कुमार कनोजिया की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और रविवार को छुट्टी लेकर परिजनों के साथ निजी वाहन से घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक अटैक पड़ने से उनकी हालत गंभीर हो गई और इटावा पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया। तबीयत खराब चल रही थी जसवंतनगर थाना क्षेत्र के राम ताल निवासी 55 वर्षीय प्रमोद कुमार कनोजिया पुत्र स्वर्गीय ख्याली राम पिछले दो वर्षों से चित्रकूट जिला जेल में डिप्टी जेलर के पद पर तैनात थे। करीब 15 दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। कुछ दिन पहले ड्यूटी के दौरान वह ऑफिस में भी गिर पड़े थे, जिसके बाद इलाज चल रहा था। रविवार के दिन वह छुट्टी लेकर परिजनों के साथ निजी वाहन से घर आ रहे थे। रास्ते में अचानक उनकी तबीयत और बिगड़ गई और अटैक पड़ गया। परिजन उन्हें लेकर इटावा की ओर बढ़े, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। सोमवार सुबह जिला अस्पताल लाए जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार में पत्नी मंजू देवी, दो बेटे लोकेंद्र प्रताप और हरेंद्र प्रताप तथा एक बेटी अंशिका हैं। पत्नी सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई की जा रही है।