बदायूं में सोमवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा अलापुर थाना क्षेत्र के कस्बा अलापुर में हुआ। मृतक की पहचान गांव अमादपुर निवासी 25 वर्षीय अरविंद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अरविंद अपनी पत्नी द्वारा बेटे को जन्म देने के बाद मिठाई खरीदने बाजार जा रहा था। सामने से आ रहे ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की सहायता से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिवार को हादसे की सूचना दी। परिजनों के अनुसार, अरविंद अपने तीन भाइयों में बीच का था। वह खेती-बाड़ी के साथ-साथ मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हुई है और शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखा गया है।