शीतलहर के चलते 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी:रामपुर डीएम ने एक दिन स्कूल बंद करने के दिए आदेश

रामपुर में अत्यधिक शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने स्कूलों में अवकाश की घोषणा की है। यह आदेश मंगलवार रात 8:40 बजे जिलाधिकारी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से जारी किया। आदेश के अनुसार, कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए एक दिन का अवकाश रहेगा। हालांकि, शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर अलग से निर्देश जारी किए जा सकते हैं। सुबह के समय घना कोहरा और कड़ाके की ठंड होने के कारण छात्रों को स्कूल जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई छात्रों ने बताया कि कम दृश्यता और सर्द हवाओं के चलते सुबह स्कूल पहुंचना मुश्किल हो रहा है। छात्रों और अभिभावकों की ओर से लगातार अवकाश की मांग की जा रही थी। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया।