अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के कैंपस में बुधवार रात एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रोज की तरह शिक्षक टहलने के लिए कैनेडी हॉल पहुंचे थे। इसके बाद वे दो अन्य लोगों के साथ मौलाना आजाद लाइब्रेरी की कैंटीन पर करीब रात 9:30 बजे पहुंचे। कैंटीन पहुंचते ही बाइक सवार दो बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलने से कैंटीन में मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान बदमाशों ने शिक्षक को मार दी। गोली सीधे सिर में जा लगी। इसी बीच किसी ने गोली चलने की सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिक्षक को तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। यह घटना थाना सिविल लाइन क्षेत्र में एएमयू कैंपस में हुई। यूनियन कॉलेज में हैं शिक्षक
शिक्षक का नाम राओ दानिश है। वे पहले एएमयू के छात्र रह चुके हैं और वर्तमान में यूनियन कॉलेज एएमयू में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षक पर हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी नीरज कुमार जादौन और बड़ी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे और पूछताछ की। इसके बाद पुलिस अधिकारी घायल शिक्षक से मिलने मेडिकल कॉलेज भी पहुंचे। पुलिस कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच में जुट गई है। वहीं, कुछ दिन पहले कुछ छात्रों ने एएमयू में बाहरी लोगों की अनधिकृत एंट्री की जानकारी प्रशासन और पुलिस को दी थी। पुलिस अब इस पहलू की भी गहनता से जांच कर रही है। खबर अपडेट की जा रही है……