BJP विधायक बोले-मोबाइल टावर नहीं उखड़ा तो धरने पर बैठूंगा:मुरादाबाद में घनी आबादी के बीच टावर लग रहा, 8 दिन से प्रदर्शन जारी

मुरादाबाद के आशियाना कॉलोनी में लगे MDA के रिटायर्ड जेई के मोबाइल टावर को उखड़वाने के लिए भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह मैदान में कूद पड़े हैं। कॉलोनी के स्थानीय लोग पिछले आठ दिन से टावर के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद टावर का निर्माण जारी है। गुरुवार शाम करीब 5 बजे धरना स्थल पर पहुंचे विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने मंच से कहा कि आप लोग पिछले आठ दिन से धरने पर बैठे हैं और मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि इस टावर को नहीं लगने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घनी आबादी के बीच जनता के इतने प्रबल विरोध के बावजूद अवैध रूप से टावर लगाया जा रहा है, जबकि जिस संपत्ति पर यह टावर बनाया जा रहा है, वह पूरी तरह से आवासीय क्षेत्र है। विधायक बोले- जेई की ईडी और इनकम टैक्स से जांच कराई जाएगी कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने धरना स्थल पर कहा- आप लोग टावर लगा रही कंपनी और अपने भूखंड पर टावर लगवाने वाले जूनियर इंजीनियर के खिलाफ एक लिखित आवेदन दीजिए। मैं आपसे वादा करता हूं कि इस जेई की ईडी और इनकम टैक्स से जांच कराई जाएगी। नौकरी के दौरान उसने कितनी अवैध संपत्ति बनाई है, इसका पूरा सच सामने लाया जाएगा और उसकी अवैध संपत्ति को ईडी की कार्रवाई के जरिए सरकार के अधीन कराया जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि वे इस मामले में जिलाधिकारी से समय मांगेंगे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपेंगे। विधायक ने आश्वासन दिया कि किसी भी हालत में घनी आबादी के बीच मोबाइल टावर नहीं लगने दिया जाएगा। उन्होंने कहा- पहले हम पुलिस-प्रशासन से बात करेंगे, अगर बात नहीं मानी गई तो जैसे आप लोग पिछले आठ दिन से धरने पर बैठे हैं, जरूरत पड़ी तो मैं भी आपके साथ धरने पर बैठूंगा और मजबूती से विरोध करूंगा। विधायक बोले- जरूरत पड़ने पर टावर को उखाड़ दिया जाएगा
कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा- मैं साफ शब्दों में आपको आश्वस्त करता हूं कि चाहे साम, दाम, दंड या भेद कोई भी नीति अपनानी पड़े, इस मोबाइल टावर को लगने नहीं दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो इसे यहीं से उखाड़ दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि मुरादाबाद के आशियाना फेस-1 में सद्भावना अस्पताल के पास मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सेवानिवृत्त अवर अभियंता मोहम्मद कमर अपनी पत्नी के नाम से आवंटित भूखंड पर मोबाइल टावर लगवा रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र में यह टावर अवैध रूप से लगाया जा रहा है और इसके लिए किसी प्रकार की अनुमति भी नहीं ली गई है। इसी को लेकर क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन जारी है। 8 दिनों से चल रहा है प्रदर्शन
स्थानीय लोग इस मुद्दे को लेकर पहले भी अधिकारियों से मिल चुके हैं। लेकिन उनकी शिकायत पर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते पिछले 8 दिन से लोग धरने पर बैठे हैं। इसके बावजूद जिला प्रशासन और मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) के अधिकारी यह स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं कि टावर का निर्माण वैध है या अवैध। इस स्थिति ने स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है।