कोहरे और शीतलहर को देखते हुए मुरादाबाद में डीएम अनुज कुमार सिंह ने शुक्रवार को जिले में कक्षा एक से आठवीं तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। परिषदीय स्कूलों समेत जिले में संचालित हरेक बोर्ड के स्कूलों पर यह आदेश लागू होगा। घने कोहरे और शीत लहर की वजह से बच्चों को स्कूल आने जाने में दिक्कतें हो रही हैं। आसपास के जिलों में पहले ही शीत लहर की वजह से अवकाश घोषित किया जा चुका है। मुरादाबाद में भी डीएम ने पिछले सप्ताह कोहरे को देखते हुए स्कूलों के समय में परिवर्तन किया था। स्कूलों का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे के स्थान पर सुबह दस बजे से दोपहर 3 बजे तक कर दिया गया था।
मुरादाबाद में कोहरे और शीतलहर काे देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर निगम को जगह-जगह अलाव जलवाने के भी निर्देश दिए हैं। डीएम ने आश्रय स्थलों पर भी समुचित व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं ताकि निराश्रित लोग सर्दी से बच सकें। रैन बसेरों का अधिकारियों को औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।