बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा का विरोध:प्रयागराज में सड़क पर उतरे लोग, सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचार और निर्मम हत्याओं के विरोध में शनिवार को प्रयागराज में जनाक्रोश देखने को मिला। विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय महासचिव पंकज प्रधान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों ने जनाक्रोश पदयात्रा निकाली। यह पदयात्रा प्रयागराज के थाना फाफामऊ क्षेत्र के लेबर चौराहे से प्रारंभ होकर शांतिपुर चौराहे पर शांतिपूर्वक संपन्न हुई। पदयात्रा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नारेबाजी की और केंद्र सरकार से ठोस कदम उठाने का आग्रह किया। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया। अत्याचार का मुद्दा मजबूती से उठाए पंकज प्रधान ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं की आबादी पहले से ही घट रही है। वहां की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है और इस पर अब चुप नहीं रहा जा सकता। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाए और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा मजबूती से उठाए। उनका कहना था कि इस विषय पर केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि ठोस और प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है, ताकि वहां रहने वाले हिंदुओं की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। श्रृंगवेरपुर पीठाधीश्वर रामानुजाचार्य स्वामी नारायणाचार्य शांडिल्य जी महाराज ने केंद्र सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग किया है। इस दौरान उमेश चंद्र त्रिपाठी, प्रदेश मंत्री डॉ. रमापति त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष, अंजनी पांडेय, जिला उपाध्यक्ष, कुंवर पांडेय, अंकित, अभिषेक, शालू, अनुज द्विवेदी, राज नारायण पांडेय, सतीश मिश्रा, अजय मिश्रा समेत अन्य रहे।