लव जिहाद की सूचना पर कैफे में बजरंगदल का हंगामा:कैफे में चल रही थी छात्रा की बर्थडे पार्टी, मुस्लिम युवकों को पुलिस ने लिया हिरासत में

यूपी के बरेली में बजरंग दल कार्यकर्ताओं के हंगामे की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पहले चर्च और कोतवाली के बाहर प्रदर्शन और हनुमान चालीसा का पाठ, और अब कैफे में बर्थडे पार्टी के दौरान हंगामा। राजेंद्रनगर स्थित एक कैफे में नर्सिंग की छात्रा अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रही थी, तभी अचानक बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। मुस्लिम दोस्तों की मौजूदगी पर जताई आपत्ति
जानकारी के मुताबिक नर्सिंग की छात्रा अपने 10 दोस्तों के साथ कैफे में मौजूद थी। इन दोस्तों में उसके दो मुस्लिम मित्र भी शामिल थे। सभी एक ही कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। आरोप है कि मुस्लिम युवकों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता कैफे पहुंचे और हंगामा करने लगे। हिंदू संगठनों ने लव जिहाद का आरोप लगाया। छात्रा ने कहा सभी मेरे फ्रेंड्स
छात्रा ने साफ शब्दों में कहा कि दोस्त का धर्म देखकर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। छात्रा का कहना है कि उसके सभी दोस्त एक साथ पढ़ते हैं और बर्थडे पार्टी के लिए इकट्ठा हुए थे, लेकिन बेवजह हंगामा कर माहौल खराब किया गया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस, आरोप पाए गए निराधार
कैफे में हंगामे की सूचना मिलते ही डायल 112 और प्रेमनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की, लेकिन सभी आरोप निराधार पाए गए। छात्रा ने पुलिस को बताया कि यह बर्थडे पार्टी थी और किसी तरह की कोई आपत्तिजनक गतिविधि नहीं हो रही थी। पुलिस ने मौके पर मौजूद बजरंग दल कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। एहतियातन छात्रा के परिजनों को बुलाया गया और छात्रा को उनके सुपुर्द कर दिया गया। कैफे कर्मचारी और दो लड़कों के खिलाफ कार्यवाही
सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि राजेंद्रनगर इलाके में कैफे में एक छात्रा अपना बर्थडे मना रही थी। जिसमें 6 लड़कियां और 4 लड़के थे। जिनमें दो लड़के दूसरे समुदाय के थे। हिंदू संगठन के लोगों ने वहां पर जाकर नारेबाजी की और लव जिहाद का आरोप लगाया। मौके पर डायल 112 और प्रेमनगर पुलिस भी पहुंची। जांच पड़ताल में लव जिहाद जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। वही इस मामले में कैफे के एक कर्मचारी और दोनों लड़कों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। वही बाकी सभी छात्र-छात्राओं के परिजनों को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया गया है।