झांसी में पिता की मौत…बेटे ने घर भेजी पुलिस:बोला- मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमॉर्टम कराओ, भाई बोला- हार्ट अटैक आया

झांसी में एक व्यक्ति की मौत हो गई। शनिवार रात को संजीव खरे खाना खाकर सोने की तैयारी कर रहे थे। तभी अचानक वह बेहोश हो गए। परिजन मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। परिजन लाश लेकर घर पहुंच गए। मृतक के भाई ने कहा- हार्ट अटैक आने से संजीव की मौत हुई है। मरने से कुछ समय पहले ही संजीव ने अपने बेटे से फोन पर बात की थी। जब उसके पास पिता की मौत की खबर पहुंची तो वह सदमे में आ गया। उसने डायल 100 पर फोन लगाकर घर पर पुलिस भेज दी। पुलिस से कहा- जब पिता से बात हुई तो वह ठीक थे। मौत का सही कारण जानने के लिए पिता का पोस्टमॉर्टम कराया है। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के बह्म नगर कॉलोनी का है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए गाजियाबाद में नौकरी करता था बेटा संजीव खरे (52) पुत्र रमेश बाबू सीपरी बाजार के बह्म नगर कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। उनके बड़े भाई राजीव खरे ने बताया- मेरा छोटा भाई संजीव घर में टीवी के पार्ट्स की दुकान खाेले थे। उनका बेटा माधव गाजियाबाद में प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। संजीव अपनी पत्नी पत्नी संगीता और 17 साल की बेटी चंचल के साथ रहते थे। संजीव शनिवार रात को खाना खाकर लेटे थे। फोन पर बेटे माधव से बात की और फिर घरवालों से बात कर रहे थे। बात करते करते वह बेहोश हो गए। आनन फानन में उनको मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तब शव को लेकर घर चले गए। बेटे ने आधी रात को पुलिस भेजी राजीव खरे ने आगे बताया- हम लोग रात लगभग 12 बजे शव लेकर घर पहुंच गए। माधव को सूचना दी कि पिता की मौत हो गई है, घर आ जाओ। माधव को यकीन नहीं हुआ। वह कहने लगा कि कुछ देर पहले ही बात हुई थी, तब वे सही थी। इसके बाद माधव ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस घर पहुंच गई और शव को मोर्चरी में रखवा दिया। भाई संजीव की मौत हार्ट अटैक आने से हुई है। उनको दो बार पहले भी हार्ट अटैक आ चुका है।