रामपुर में लकड़ी के बुरादे से भरा ट्रक डिवाइडर से टकराने के बाद बोलेरो पर पलट गया। हादसे में बोलेरो पूरी तरह पिचक गई। ड्राइवर की दबकर मौत हो गई। उसका सिर चिपटा हो गया। शरीर इस कदर दब गया कि रीढ़ की हड्डी के कई टुकड़े हो गए। उसका शरीर चकनाचूर हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन और बुलडोजर से रेस्क्यू शुरू किया। ट्रक को सीधा करके रोड़ के किनारे किया गया। बोलेरो में ड्राइवर का शव बुरी तरह फंस गया था। गाड़ी को काटकर ड्राइवर के शव को निकाला गया।हादसा दिल्ली-नैनीताल हाईवे-87 पर पहाड़ी गेट चौराहे के पास का है। घटना के बाद हाईवे पर करीब 3 घंटे तक जाम लगा रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें बोलेरो चालक गाड़ी को कट से मोड़ने लगता है, तभी पीछे से आ रहा ट्रक उसे बचाने के चक्कर में डिवाइडर पर चढ़कर पलट जाता है। पहले देखिए 3 तस्वीरें… अब पढ़िए पूरा मामला… फिरासत पुत्र लियाकत अली निवासी गूजर टोला, थाना गंज बिजली विभाग के एसडीओ की बोलेरो चलाता था। रविवार शाम साढ़े 4 बजे वो खौद उपकेंद्र के एसडीओ को छोड़कर वापस अपने घर लौट रहा था। अपने घर से करीब एक किलोमीटर पहले वह चौराहे पर हाईवे के कट से गाड़ी मोड़ने लगा। उसने पीछे आ रहे ट्रक पर ध्यान नहीं दिया। अचानक गाड़ी को मोड़ने लगा। जब तक बोलेरो ड्राइवर की नजर पड़ी, तब तक ट्रक काफी करीब आ चुका था। जबकि बोलेरो आधा रोड क्रॉस कर चुकी थी। ट्रक ड्राइवर ने बोलेरो को बचाने के लिए गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ा दी। इतने में ट्रक का अगला पहिया डिवाइडर पर चढ़ गया, जिससे उसका बैलेंस बिगड़ा और बोलेरो को रगड़ते हुए ट्रक उसपर पलट गया। ट्रक पलटते ही हाईवे पर फैला बुरादा
ट्रक पलटते ही उसमें लदा लकड़ी का बुरादा हाईवे पर फैल गया। पूरी बोलेरो ट्रक के नीचे आकर चकनाचूर हो गई। बोलेरो चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। चौराहे पर ही तैनात पुलिस ने आनन-फानन में 4 क्रेन और 2 बुलडोजर बुलवाकर रेस्क्यू शुरू किया। सूचना पर गंज कोतवाली, सिविल लाइंस और नगर कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्टीयरिंग में फंसा था शव
कड़ी मशक्कत के बाद बोलेरो को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। हादसे की गंभीरता को देखते हुए करीब डेढ़ घंटे बाद बुरादे को खाली कर ट्रक को सीधा किया गया। बोलेरो चालक का शव स्टीयरिंग में फंसा हुआ था। उसे कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। हादसे में घायल ट्रक चालक को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां करीब आधे घंटे इलाज के बाद वो वहां से फरार हो गया। हादसे के बाद लगा 2Km लंबा जाम
हादसे के बाद हाईवे पर करीब दो किलाेमीटर तक जाम लग गया। पुलिस ने रूट डायवर्ट कर ट्रैफिक को निकाला। एसपी विद्यासागर मिश्र भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी बोले- फरार चालक की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र ने बताया- अधिकारियों को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। बोलेरो चालक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। ट्रक चालक फरार हो गया है, उसकी तलाश की जा रही है। ट्रक को थाने में खड़ा करा दिया गया है। ———— ये खबर भी पढ़ें
चलती ट्रेन के नीचे लेटकर युवक ने बनाई REEL:मऊ में बोला- कॉपी न करें; ई-रिक्शे पर लाश रखकर किया था प्रैंक मऊ में REEL के लिए एक युवक का खतरनाक स्टंट सामने आया है। उसने चलती ट्रेन के नीचे लेटकर REEL बनाई। फिर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। युवक पहले ट्रेन की पटरियों के बीच लेट गया। इसके बाद जान जोखिम में डालकर ट्रेन के आने का इंतजार करने लगा। पूरी खबर पढ़ें