संभल एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई को मुख्यमंत्री मेडल:100 करोड़ से अधिक के फर्जी बीमा गिरोह का पर्दाफाश किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई को मुख्यमंत्री मेडल-2025 से सम्मानित किया है। उन्हें यह सम्मान उनके उत्कृष्ट, साहसिक और प्रभावी पुलिस नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया। मेडल प्राप्त करने के बाद एसपी विश्नोई ने अपने माता-पिता के साथ मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। आईपीएस अधिकारी कृष्ण कुमार विश्नोई को एक कर्तव्यनिष्ठ और प्रभावी पुलिस अधिकारी के रूप में जाना जाता है। उन्होंने 24 नवंबर 2024 को संभल में हुई हिंसा के बाद शांति व्यवस्था बहाल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। विश्नोई माफियाओं, संगठित अपराध और आर्थिक अपराधों के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई के लिए भी जाने जाते हैं। कुशल नेतृत्व में संभल पुलिस ने पिछले एक वर्ष के दौरान कई बड़ी आपराधिक साजिशों का पर्दाफाश किया है। इनमें 100 करोड़ रुपये से अधिक की बीमा धोखाधड़ी में शामिल एक बड़े गिरोह का खुलासा प्रमुख है, जो पिछले 10 वर्षों से संगठित रूप से सक्रिय था। यह गिरोह विभिन्न माध्यमों से मरणासन्न या हाल ही में मृत व्यक्तियों की पहचान करता था। इसके बाद, वे बीमा कंपनियों और बैंक कर्मचारियों के साथ सांठगांठ कर फर्जी बीमा पॉलिसियां जारी करवाते थे। गिरोह के सदस्य कुछ किश्तें स्वयं जमा करते थे और बाद में मृतक के परिजनों के नाम पर फर्जी खाते खुलवाकर पूरी बीमित राशि हड़प लेते थे। जांच में यह भी सामने आया कि करोड़ों रुपये की बीमा राशि हड़पने के लिए इस गिरोह ने कई मामलों में हत्याएं तक करवाई थीं। इसके अतिरिक्त, मृत व्यक्तियों के नाम पर फाइनेंस कंपनियों से सांठगांठ कर नए ट्रैक्टर भी फाइनेंस कराए गए थे। पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के तहत ऐसे 27 ट्रैक्टर बरामद किए गए। इन ट्रैक्टरों को ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम और महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में फाइनेंस कराया गया था। इस दौरान यह भी खुलासा हुआ कि फर्जी कागजात तैयार कर मात्र एक वर्ष के भीतर 2 हजार से अधिक आधार कार्ड में बदलाव किए गए थे। इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए यूआईडीएआई (UIDAI) ने पूरे देश में आधार कार्ड संशोधन प्रक्रिया में मौजूद कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक सुधार किए हैं।