भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नामित विशेष रोल प्रेक्षक सिद्धार्थ जैन ने रविवार को मिर्जापुर जिले का दौरा किया। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और संबंधित कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान, उन्होंने नगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मुजेहरा खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय में बने बूथ संख्या 10 और 11 का निरीक्षण किया और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों का जायजा लिया। प्रेक्षक जैन ने बीएलओ द्वारा भरे गए गणना प्रपत्रों का अवलोकन किया। उन्होंने बूथ लेवल एजेंट सतीश चंद्र और राहुल से मोबाइल पर बात कर एसआईआर कार्यों की जानकारी ली। बीएलओ लक्ष्मीचंद से मतदाता सूची के सत्यापन, संशोधन, नए नाम जोड़ने, तथा मृतक व स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने सहित अन्य कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। इसके बाद, उन्होंने मतदाता लक्ष्मीकांत सिंह और लालमणि के घर जाकर प्रत्यक्ष सत्यापन भी किया। लालमणि ने बताया कि उनकी पत्नी का नाम निधन के बाद मतदाता सूची से हटा दिया गया है, जबकि अन्य पात्र सदस्यों के नाम सूची में शामिल हैं। प्रेक्षक ने आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, सभी ईआरओ (निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) और विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने विधानसभावार एसआईआर कार्यों की समीक्षा की। इस बैठक में सोनभद्र के जिलाधिकारी बी.एन. सिंह और भदोही के जिलाधिकारी शैलेष कुमार सहित तीनों जनपदों के ईआरओ जूम के माध्यम से जुड़े। उन्होंने अपने-अपने जिलों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिलाधिकारी पवन गंगवार ने बैठक में बताया कि जनपद में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार एसआईआर कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है। विशेष रोल प्रेक्षक सिद्धार्थ जैन ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी भी प्रकार की त्रुटि न होने पाए। बैठक के दौरान मतदाताओं की समस्याओं को भी सुना गया और संबंधित ईआरओ को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी और सीपीआई सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।