BJP कार्यकर्ताओं ने थाना घेरा, हंगामा किया:बोले- दरोगा और सिपाहियों ने गाड़ी के अंदर घसीटा, फिर थप्पड़ मारे

कानपुर में BJP कार्यकर्ताओं ने चकेरी थाना घेर लिया। यहां जमकर हंगामा किया। भाजपाइयों ने कहा कि रामादेवी चौकी प्रभारी कुलदीप यादव और तीन सिपाहियों ने भाजपा के एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट की है। उनके साथ अभद्रता की। गाड़ी में बैठाकर थप्पड़ मारे। भाजपाइयों ने चौकी प्रभारी को हटाने की मांग की है। एसीपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ। इस दौरान करीब 45 मिनट तक थाने में हंगामा चलता रहा। भाजपा कार्यकर्ता बोला- मुझे थप्पड़ मारे
चकेरी के सफीपुर इलाके के निवासी भाजपा कार्यकर्ता सौरभ निषाद ने बताया कि रविवार शाम वह रामादेवी स्थित माधवी अस्पताल के पास अपने पिता राजकुमार को टिफिन देने गए थे। सौरभ का आरोप है कि तभी पुलिसकर्मी आए और उन्हें ‘बड़ा अपराधी’ कहकर संबोधित किया। विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें घसीटकर गाड़ी में बैठा लिया। सौरभ के अनुसार, चौकी के अंदर दरोगा कुलदीप यादव और तीन सिपाहियों ने उन्हें थप्पड़ मारे। सौरभ ने बताया कि उन्होंने अपनी बाइक हाईवे किनारे माधवी अस्पताल के पास खड़ी की थी, जहां जुआ चल रहा था। पुलिस ने उन्हें जुआरी समझकर गाड़ी में बैठा लिया और विरोध करने पर चौकी के अंदर पिटाई की। एसीपी बोले- जांच के बाद कार्रवाई होगी
पिटाई की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और घेराव किया। हंगामे की सूचना पर चकेरी एसीपी अभिषेक पांडेय मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसीपी ने कहा कि मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।