हाथ-मुंह धोते समय फिसला पैर, युवक की मौत:सैफई मेडिकल कॉलेज के लैब सहायक भूपेंद्र की हादसे में जान गई

मैनपुरी के करहल कस्बे में रविवार शाम एक हादसे में 28 वर्षीय युवक भूपेंद्र सिंह यादव उर्फ नितिन की मौत हो गई। वह मूल रूप से इटावा के सैफई थाना क्षेत्र के अतिराजपुर गांव के निवासी थे और करहल स्थित अपने मकान में मौजूद थे जब यह घटना हुई। परिजनों ने बताया कि रविवार शाम नितिन घर पर थे। खाना खाने से पहले हाथ-मुंह धोने के लिए वह मकान के छज्जे पर गए। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर छत से नीचे गिर गए। गिरने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल नितिन को तुरंत सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक भूपेंद्र सिंह यादव सैफई मेडिकल कॉलेज में लैब सहायक के पद पर कार्यरत थे। उनकी शादी लगभग चार वर्ष पूर्व आरती देवी से हुई थी और उनका एक 2 साल का बेटा भी है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को उनके पैतृक गांव अतिराजपुर, थाना सैफई, जनपद इटावा ले गए। गांव में शव पहुंचने पर गमगीन माहौल हो गया।