मुजफ्फरनगर में सोमवार की शाम करीब 5 बजे दो मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। आग के बीच सिलेंडर में तेज धमाके हुए। इससे पूरे मकान में आग फैल गई। हादसे में कानूनगो, उनकी मां और भाई की जिंदा जलकर मौत हो गई। उन्हें बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में कानूनगो की पत्नी और दो बेटियों की जान अपने डॉगी की वजह से बच गई। अग्निकांड से कुछ देर पहले डॉगी भौंक रहा था। इस पर मां-बेटियां डॉग को टहलाने बाहर गई थीं। लौटीं तो उन्होंने घर को जलते देखा। पड़ोसी युवक आग बुझाने में झुलसा है। घटना का CCTV सामने आया है। धमाका इतना तेज था कि मकान में लगे शीशे टूटकर सड़क पर गिरे। इससे अफरा-तफरी मच गई। लोग सहम उठे। घरों से बाहर निकल आए। सूचना पाकर पुलिस के अधिकारी पहुंचे। घायल युवक को अस्पताल भेजा गया है। करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। घटना शहर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के वसुंधरा रेजिडेंसी की है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। कानूनगो अपने परिवार के साथ यहां किराए पर रहते थे। घटना से जुड़ी 3 फोटो देखिए… शामली का रहने वाला था परिवार
मृतकों में कानूनगो अमित गौड़ (50 साल), उनकी मां सुशीला (68 साल) और छोटे भाई नितिन (45 साल) शामिल हैं। अमित गौड़ शामली में बड़ा बाजार के रहने वाले थे। सहारनपुर की देवबंद तहसील में कानूनगो के पद पर तैनात थे। अमित वसुंधरा कालोनी में परिवार के साथ सेकेंड फ्लोर पर किराए पर रह रहे थे। डॉग की वजह से पत्नी और बेटियों की जान बची
हादसे के दौरान अमित गौड़ की पत्नी रिचा और दोनों बेटियां अंशिका और आराध्या डॉग को टहलने बाहर गई थीं। रुचि ने बताया- घर में सास अंगीठी जलाकर बैठी थीं। अमित कमरे में टीवी देख रहे थे। देवर नितिन दूसरे कमरे में लेटे हुए थे। बेटियों के साथ शाम को 4 बजे मैं डॉग को टहलाने के लिए घर से बाहर चली आई थी। शाम को 5 बजे मुझे डॉक्टर के पास जाना था। मुझे डिप्रेशन की दिक्कत है। इसलिए जल्दी घर वापस आ ही रहे थे कि पता चला घर में आग लग गई है। घर आकर देखा तो भयंकर आग लगी थी। सब कुछ जल गया था। प्रत्यक्षदर्शी बोले- पहले आग लगी, फिर 2 धमाके हुए
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, मकान में पहले आग लगी थी। शोर सुनकर वे बाहर आए। तभी सिलेंडरों के फटने की आवाज आईं। इससे लोग दहशत में आ गए। मकान में लगातार दो सिलेंडर फटे हैं। शुरुआती जानकारी में घर में अंगीठी जलने की बात सामने आई है। आशंका है कि अंगीठी से मकान में आग लगी, उसके बाद सिलेंडर में ब्लास्ट हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शी शिव कुमार वर्मा ने बताया- आग बहुत भयंकर थी। घर में 3 लोग थे। बाकी 3 लोग घर के बाहर थे। वे कुत्ता घूमाने गए थे। मैं भी घर से बाहर निकला था, तभी पता चला की अमित के घर में आग लग गई। आकर देखा तो सब कुछ जल गया था। फायर बिग्रेड के आने के बाद 30 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। आग पर काबू पाने में 30 मिनट लगे
एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापति ने बताया- कंट्रोल रुम से थाना क्षेत्र नई मंडी के वसुंधरा रेजिडेंसी के फेज-3 में एक मकान के दूसरे मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फायर बिग्रेड की टीम ने 30 मिनट में आग पर काबू पा लिया। घर में 3 शव मिले हैं। आग बुझाने के दौरान 1 व्यक्ति झुलसा है। पुलिस टीम जांच पड़ताल कर परिवार से जानकारी जुटा रही है। ये लोग यहां पर किराए के मकान में रहते थे। —————————————— ये भी पढ़ें… PCS अफसर के बच्चों के बाद पत्नी की भी मौत: अंगीठी जलाकर सोए थे; साला-साली समेत 3 की हालत गंभीर बिहार के छपरा में अंगीठी कांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर 5 हो गई है। सोमवार को यूपी के PCS अफसर विजय सिंह की पत्नी अमीषा की भी पटना के रूबन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह पिछले 3 दिन से अस्पताल में भर्ती थीं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। शुगर लेबल बढ़ गया था और बीपी काफी लो हो गया था। पढ़ें पूरी खबर…