बांदा के जंगल में युवती का शव मिला:माथे-गले पर धारदार हथियार के निशान, हत्या की आशंका

बांदा जिले के जसपुरा थाना क्षेत्र के तरौड़ा जंगल में सोमवार को एक 25 वर्षीय युवती का शव झाड़ियों में पड़ा मिला। युवती के माथे और गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के गहरे घाव पाए गए हैं। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है। चरवाहों ने जंगल में शव देखकर पुलिस को सूचना दी। जसपुरा थाना इंस्पेक्टर अनिल कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक, सीओ सदर राजवीर सिंह गौर और फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और गहनता से जांच पड़ताल की। जांच के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर खून के छींटे भी मिले हैं, जो हत्या की आशंका को और पुख्ता करते हैं। पुलिस का मानना है कि युवती की हत्या कर शव को जंगल में फेंका गया है। युवती की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के लिए 72 घंटे तक मॉर्च्युरी में रखा है। पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है और युवती की पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है।