अलीगढ़ में चंद्रशेखर आजाद पर विवादित बयान:तस्वीर महल चौराहे पर पुलिस ने फिल्मी अंदाज में युवक को किया गिरफ्तार, समर्थकों ने की नारेबाजी

आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद को पीटने की धमकी देने वाले मोहन चौहान को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान अलीगढ़ के तस्वीर महल चौराहे पर मंगलवार दोपहर समर्थकों की भीड़ और नारेबाजी से अफरातफरी का माहौल हो गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो मोहन चौहान का एक वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह चंद्रशेखर आजाद को पीटने की बात कहते नजर आए। इस वीडिया के सामने आने के बाद आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी और समर्थकों में आक्रोश फैल गया था। वहीं, पुलिस ने भी वीडियो को आपत्तिजनक बयान की श्रेणी में मानते हुए कार्रवाई शुरू की थी। पदाधिकारियों ने की थी कार्रवाई की मांग वीडियो वायरल होने के बाद आजाद समाज पार्टी के एक पदाधिकारी की भी फोन पर मोहन चौहान से तीखी नोकझोंक हुई थी। इसमें अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया था। इसके बाद आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने मोहन पर धमकी दिलवाने का आरोप लगाते हुए जवां थाने में कार्रवाई की मांग की थी। कई दिनों से पुलिस को थी तलाश मोहन चौहान मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ सीओ से मिलने पुलिस लाइन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सूचना मिलने पर जवां थाना पुलिस ने तस्वीर महल चौराहे से उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस वाहन में बैठाने के दौरान समर्थकों ने नारेबाजी की। वहीं, पुलिस की गिरफ्त में भी चंद्रशेखर आजाद पर विवादित बयान दिए गए। इससे कुछ देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालांकि पुलिस ने हालात को नियंत्रित कर लिया। पहले भी विवादों से रहा है नाता यह पहला मौका नहीं है जब मोहन चौहान अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में आए हों। इससे पहले भी वह कई बार राजनीतिक नेताओं के खिलाफ तीखे और धमकी भरे बयान दे चुके हैं। पुराने मामलों में भी उनके वीडियो वायरल हुए थे, जिनके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था। इन्हीं घटनाओं के चलते मोहन चौहान की छवि एक विवादित युवा नेता के रूप में बनती जा रही है। चंद्रशेखर आजाद को लेकर बढ़ा विवाद चंद्रशेखर आजाद दलित राजनीति का बड़ा चेहरा हैं और अपने बयानों व आंदोलनों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। उनके खिलाफ दी गई किसी भी तरह की धमकी को प्रशासन कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला मान रहा है। इसी वजह से मोहन चौहान के बयान को हल्के में नहीं लिया गया। पुलिस की कार्रवाई जारी थाना प्रभारी जवां योगेंद्र सिंह का कहना है कि मोहन चौहान से पूछताछ की जा रही है और यह जांच की जा रही है कि उनके बयान में आपराधिक मंशा कितनी गंभीर थी। फिलहाल उन्हें हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।