इंस्पेक्टर सर ने एक लाख लिए, मुझे कुछ नहीं दिया…AUDIO:आगरा में महिला SI बोली- सब बिके हैं, मैं चौकी में 2000 देकर काम करवाती हूं

आगरा में नर्सिंग कोर्स कर रही महिला से अश्लील हरकत की जांच कर रहीं SI नीतू शर्मा एक बार फिर विवादों में घिर गईं। SI नीतू शर्मा का एक ऑडियो वायरल हो रहा, जिसमें वह पीड़िता से बात कर रही हैं। बातचीत में SI नीतू ने कहा- इंस्पेक्टर ने अपनी मर्जी से चार्जशीट से 4 आरोपियों के नाम हटा दिए। मैं अपने बीमार बच्चे की कसम खाती हूं कि मैंने कुछ नहीं किया। इंस्पेक्टर सर ने इसके लिए एक लाख रुपए भी ले लिए। मुझे एक रुपया तक नहीं मिला। यह इंस्पेक्टर ऐसे ही करते हैं। अकेले सारे रुपए रख लेते हैं। सब बिक हुए हैं। जिसको जो मिलता है, वो उसी हिसाब से काम करता है। मैं खुद अपना काम चौकी में करवाती हूं और दो हजार रुपए देती हूं। इस ऑडियो के सामने आने पर आलाधिकारियों ने SI नीतू को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही पीड़िता का मामला क्राइम ब्रांच की महिला जांच अधिकारी को सौंप दिया। यह पहला मौका नहीं है जब नीतू शर्मा पर सवाल उठे हों। इससे पहले दिसंबर, 2023 में सिटी बस में कंडक्टर से मारपीट के मामले में भी वह लाइन हाजिर हो चुकी हैं। अब पूरा मामला विस्तार से… SI नीतू शर्मा थाना एत्मादपुर में तैनात हैं। वो नर्सिंग कोर्स कर रही महिला से हुई अश्लील हरकत के मामले की जांच कर रही थीं। इस मामले में 6 आरोपियों के नाम दर्ज थे। जिनमें से 4 आरोपियों के नाम चार्जशीट से हटा दिए गए। पीड़िता ने जब SI नीतू के सामने यह बात रखी, तो SI ने इंस्पेक्टर पर घूस लेकर चार्जशीट से नाम निकालने का आरोप लगा दिया। पीड़िता और SI नीतू के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पढ़िए दोनों के बीच हुई बातचीत… पीड़िता: आपने बताया नहीं, चारों आरोपियों के नाम कैसे निकल गए?
महिला SI: मुझे पता ही नहीं। ये सब झोल इंस्पेक्टर साहब ही करते हैं। इसलिए वो मुझे खराब लगते हैं। उस वाली विवेचना का तो मुझे इतना पता है कि ये ACP सर के पास 1 लाख या 50 हजार आ गए थे। वो हमारी एक बात नहीं सुनते। पीड़िता: आपको पता ही नहीं चला कि आरोपियों के नाम निकल गए?
महिला SI: हां, नहीं पता चल पाया। क्योंकि पता है ये लोग काम किसका करते हैं, जो इन्हें पैसे देते हैं। काम कराने के लिए 10 हजार रुपए उसको विपिन भैया देते हैं। उसे 10 हजार पोखर देता है और 10 हजार इंस्पेक्टर सर देते हैं। तो वह इन्हीं लोगों की सुनता है और इन्हीं का काम करता है। मैं अपना काम चौकी में करवाती हूं। अगर इंस्पेक्टर सर बोलते हैं तो वह मेरा कर देता है। नहीं तो मैं उसे 2 हजार रुपए देती हूं। पीड़िता: आप इंस्पेक्टर साहब से बात करो न, कैसे नाम निकाल दिए?
महिला SI: मैं बात नहीं करूंगी, मैं उनसे झगड़ूंगी। इंस्पेक्टर के बारे में दूसरे दरोगाओं ने मुझे बताया था। मेरे दो केस में भी उन्होंने ऐसा किया था। पीड़िता: मैं इंस्पेक्टर को कोर्ट में घसीटूंगी? महिला SI: मेरे तुमसे परिवार जैसे संबंध हैं। मैंने कहा था कि सारे आरोपी हैं। इसीलिए मौके पर जाकर सभी के बयान लिए थे। यह इंस्पेक्टर ऐसे ही करते हैं। अकेले सारे रुपए रख लेते हैं। चार्जशीट से नाम निकाल देते हैं। मुंशी भी बिना रुपए लिए कोई काम नहीं करता। खुद SI नीतू शर्मा ने हटवाए थे नाम
कमिश्नरेट आगरा में नियम है कि किसी भी केस में आरोपी का नाम जोड़ने या हटाने, धाराओं में बदलाव के लिए विवेचना अधिकारी को पर्यवेक्षण अधिकारी से अनुमति लेनी होती है। इसी क्रम में केस की जांच कर रहीं एसआई नीतू शर्मा ने 16 दिसंबर को चारों आरोपियों की नामजदगी गलत बताते हुए एसीपी एत्मादपुर से पत्राचार के जरिए अनुमति ली थी। SI के आरोपों की अपर पुलिस आयुक्त करेंगे जांच
अब तक की जांच में SI नीतू की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। उनकी और पीड़िता के बीच हुई बातचीत के ऑडियो और लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच के लिए मामला अपर पुलिस आयुक्त आगरा को सौंपा गया है। वहीं, पीड़िता पहले की जांच से संतुष्ट नहीं है। इसलिए केस की विवेचना क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी गई। अब जांच क्राइम ब्रांच की महिला दरोगा करेंगी। अब पढ़िए… SI नीतू का दिसंबर, 2023 में कंडक्टर से हुआ विवाद
दिसंबर, 2023 में महिला दरोगा नीतू शर्मा का वीडियो सामने आया था। इसमें वो बस में टिकट के रुपए मांगने पर भड़कने लगती हैं। फिर कंडक्टर का कॉलर पकड़कर उसे भद्दी-भद्दी गालियां दीं। इसके बाद उसे एक के बाद एक तीन थप्पड़ मारे। बस में लगे CCTV में भी पूरी घटना कैद हो गई थी। इस मामले में तत्कालीन डीसीपी सिटी सूरज राय ने दरोगा नीतू शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया था। ———————– ये खबर भी पढ़ें… कानपुर IIT के बीटेक छात्र ने सुसाइड किया:हाथ की नसें काटीं, फिर फंदे पर लटका कानपुर आईआईटी में बीटेक स्टूडेंट ने सुसाइड कर लिया। उसने पहले हाथ की नसें काटीं, फिर हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटक गया। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें लिखा था Sorry Everyone…। पढ़ें पूरी खबर…