बिजनौर में डेढ़ लाख चालान, 3 करोड़ शमन शुल्क वसूला:फिर भी नहीं रुक रहे हादसे, जाम की समस्या बरकरार

बिजनौर जिले में वर्ष 2025 में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। यातायात पुलिस ने पूरे साल में डेढ़ लाख से अधिक वाहनों के चालान किए और लगभग तीन करोड़ रुपये का शमन शुल्क भी वसूला। इसके बावजूद सड़क हादसों में लोगों की जान जाने का सिलसिला लगातार जारी है, और लोग घायल भी हो रहे हैं। जिले भर में यातायात पुलिस कर्मियों के भारी इंतजाम के बावजूद जाम की समस्या बनी हुई है। आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में यातायात पुलिस ने कुल 1,51,642 चालान किए, जिनसे 2 करोड़ 96 लाख 24 हजार 300 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। इनमें सबसे अधिक 82,442 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने पर किए गए। इसके अतिरिक्त, 17,404 वाहन चालक बिना ड्राइविंग लाइसेंस के पाए गए, जबकि 14,233 चालान तीन सवारी बैठाने के मामलों में हुए। सीट बेल्ट न लगाने पर 4,661, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने पर 946, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 5,245 और गलत दिशा में वाहन चलाने पर 6,113 चालान किए गए। शराब पीकर वाहन चलाने पर 302, ओवर स्पीड पर 2,679 और अन्य धाराओं में 16,083 चालान किए गए। यातायात पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वाले 1,534 वाहनों को सीज भी किया। यातायात प्रभारी दरोगा रवि नैन ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान पूरे वर्ष चलाया गया। उन्होंने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।