दरगाह की कोठरी तोड़ने पर सपा सांसद का विरोध:हिंद बली पीर शाह दरगाह पहुंचे रामजीलाल सुमन, कार्रवाई को बताया गलत

आगरा के ट्रांस यमुना फेज-1 स्थित हिंद बली पीर शाह दरगाह से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। दरगाह के पीछे बनी कोठरी को तोड़े जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन बुधवार को दरगाह पहुँचे और पूरे मामले पर प्रशासन को घेरा। दरगाह पहुँचकर सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि मजारों को किसी एक मजहब से जोड़ना गलत है। उनके अनुसार इस दरगाह पर मुस्लिमों से ज्यादा हिंदू परिवार श्रद्धा के साथ आते हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन खुद यह स्वीकार कर चुका है कि यह मजार सैकड़ों साल पुरानी है। सांसद सुमन ने आरोप लगाया कि मजार के पीछे बनी कोठरी को बिना किसी लिखित आदेश के तोड़ा गया, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से लोगों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुँची है। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने के बावजूद पीड़ित पक्ष की कोई सुनवाई नहीं की गई। रामजीलाल सुमन ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता बरतनी चाहिए। बताया जा रहा है कि दरगाह के पीछे बनी कोठरी को बीते 16 दिसंबर को तोड़ा गया था। जिसके बाद से स्थानीय लोगों में नाराज़गी है।