प्रयागराज में लड़की 175 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी, VIDEO:बोली- बॉयफ्रेंड से शादी कराओ, नहीं तो जान दे दूंगी

प्रयागराज में बॉयफ्रेंड से शादी की जिद पर अड़ी लड़की 175 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई। उसने कहा- मैं राजकुमार से बहुत प्यार करती हूं। उसी से शादी करूंगी। शादी नहीं करने दोगे तो जान दे दूंगी। लड़की को हाईटेंशन लाइन पर देख हंगामा मच गया। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस टीम भी पहुंची। परिजन और ग्रामीण लड़की से बार-बार नीचे उतरने की गुहार लगा रहे थे, लेकिन वह लड़के से शादी की जिद पर अड़ी थी। इसके बाद वहीं पर पंचायत बैठी। करीब एक घंटे की बातचीत के बाद दोनों के घरवाले शादी के लिए तैयार हो गए। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद लड़की टावर से नीचे उतरी। मामला मऊआइमा थाना क्षेत्र के बालडीह गांव का है। पहले देखिए 2 तस्वीरें… अब पढ़िए पूरा मामला प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र के बालडीह गांव की रहने वाली अंजलि (22) अपने ही गांव के रहने वाले राज कुमार (27) से प्यार करती है। दोनों के बीच 3 साल से प्रेम संबंध चल रहा था। लड़की कक्षा 12 पास है, जबकि युवक B.A किए हुआ है। लड़का प्राइवेट नौकरी करता है। लड़की शादी की जिद पर अड़ी थी, लेकिन लड़के के घरवाले तैयार नहीं थे। लड़का यही बात बोलकर टाल रहा था। अंजलि उससे शादी करने का दबाव बना रही थी। अंजलि को जब कोई रास्ता समझ नहीं आया, तो गुरुवार दोपहर वह घर से निकली। गांव के 175 फिट ऊंचे हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़ गई। इसके बाद गांव वालों की भीड़ लग गई। लड़की के घर वाले भी मौके पर पहुंचे। शादी नहीं करने दोगे तो जान दे दूंगी
लड़की के घरवाले चीखते रहे, रोते रहे, लेकिन वह खंभे को पकड़ कर बैठ गई। लड़की बार-बार कहती रही- मैं राजकुमार से ही शादी करूंगी, नहीं तो जान दे दूंगी। सूचना मिलते ही मऊआइमा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने लड़के के घरवालों को सूचना देकर मौके पर बुलवाया। प्रेमी भी पहुंच गया। लड़की ने कहा- बाद में मुकर तो नहीं जाओगे
प्रेमी ने आश्वासन दिया कि मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं। शादी भी तुमसे ही करूंगा। इसके बाद लड़की मानी। हालांकि लड़की ने कहा- वादा करो कि बाद में मुकर तो नहीं जाओगे। लड़के ने कहा- वादा करता हूं, ठीक है। अभी पुलिस के सामने सब तय होगा। थाने में भी दोनों परिवारों में बातचीत हुई
ये ड्रामा करीब 3 घंटे तक चला। लड़की नीचे उतरी तो हर किसी ने राहत की सांस ली। प्रेमी-प्रेमिका और दोनों के घरवालों को मऊआइमा की कल्याणपुर पुलिस चौकी ले जाया गया। वहां भी दोनों परिवारों में बातचीत हुई। पुलिस के सामने वादा किया गया कि आपस में बातचीत कर शादी तय कर देंगे। ——————– ये खबर भी पढ़ें… रैपिड-ट्रेन में गंदी हरकत करने वाले छात्र-छात्रा की सगाई हुई:गाजियाबाद में एक हफ्ते में शादी; लड़की BCA, लड़का ‌B.Tech कर रहा गाजियाबाद में नमो भारत रैपिड ट्रेन में गंदी हरकत करने वाले छात्र-छात्रा की इंगेजमेंट (सगाई) करा दी गई। साथ ही शादी की तारीख भी फिक्स कर दी गई। एक सप्ताह में दोनों की शादी कर दी जाएगी। पढ़ें पूरी खबर…