लखीमपुर खीरी में बाइक-डनलप टक्कर से दो युवकों की मौत:एक गंभीर घायल, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा गुरुवार की रात ईसानगर-सिसैया मार्ग पर इमलिया के पास हुआ, जब एक बाइक डनलप वाहन से टकरा गई। जानकारी के अनुसार, कटौली गांव निवासी विवेक पुत्र राजेंद्र, शिवम पुत्र आदिनाथ और अंकुश पुत्र शंभु सिसैया चौराहे से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे इमलिया के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक डनलप वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ईसानगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खमरिया पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने विवेक उर्फ भोला और अंकुश को मृत घोषित कर दिया। शिवम की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है। हादसे की सूचना मिलने पर परिजनों में शोक छा गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।