लखीमपुर खीरी में सड़क हादसे में दो की मौत:बाइक बैलगाड़ी से टकराई, एक युवक घायल

लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। यह हादसा इमलिया गांव के पास हुआ, जहां एक बाइक बैलगाड़ी से टकरा गई। कटौली गांव निवासी अंकुश (22) और भोला (22) अपने साथी शिवम के साथ सिसैया चौराहे से कटौली की ओर जा रहे थे। शुक्रवार शाम करीब पौने नौ बजे इमलिया गांव के पास उनकी बाइक अचानक सामने चल रही बैलगाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकुश और भोला गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही ईसानगर थाना प्रभारी निरीक्षक निर्मल तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों ने अंकुश और भोला को मृत घोषित कर दिया। शिवम को हल्की चोटें आई हैं, जिसका इलाज सीएचसी खमरिया में चल रहा है। थानाध्यक्ष निर्मल तिवारी ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।