लखनऊ में बड़ा इमामबाड़ा में युवक ने पेशाब किया:धार्मिक भावनाएं आहत हुईं; ट्रस्ट की तहरीर पर FIR, पुलिस ने CCTV खंगाले

लखनऊ के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले बड़े इमामबाड़ा में एक व्यक्ति ने पेशाब किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए हुसैनाबाद एवं सम्बद्ध ट्रस्ट की ओर से चौक कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस ने प्रकरण में जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति बड़े इमामबाड़ा की भुलभुलैया की छत पर पेशाब करते दिख रहा है। ट्रस्ट की ओर से सहायक कार्यालय अधीक्षक हबीबुल हसन ने चौक कोतवाली में तहरीर देकर इस कृत्य को धार्मिक स्थल की मर्यादा के खिलाफ बताया। धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप बड़ा इमामबाड़ा एक महत्वपूर्ण धार्मिक और ऐतिहासिक स्थल है। इस तरह की हरकत से न केवल स्थल की पवित्रता भंग हुई है, बल्कि लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुई हैं। इसी आधार पर चौक पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298 के तहत एफआईआर दर्ज की है। चौक पुलिस जांच में जुटी चौक कोतवाली पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान होने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, वहीं ट्रस्ट की ओर से भी धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही गई है।