‘उसने धनंजय सिंह का नाम लेकर प्लॉट कब्जाया’:लखनऊ में बोला फौजी- मैं लद्दाख में ड्यूटी पर था, यहां मेरी जमीन पर सड़क बना दी

कोडीन युक्त कफ सिरप मामले में सस्पेंड लखनऊ जेल के वार्डर महेंद्र सिंह पर नया आरोप लगा है। सेना में तैनात एक फौजी ने लखनऊ में आरोप लगाया है कि महेंद्र सिंह ने उनकी और उनके साथ 4-5 और फौजियों की जमीन पर रातोंरात सड़क बना दी। उस समय वे लद्दाख ड्यूटी पर थे। जब रिटायर्ड होकर आए तो यहां प्लॉट ही गायब कर दिया गया। पीड़ित रिटायर्ड फौजी अरविंद सिंह ने इससे जुड़ा वीडियो बनाया है। साथ ही इसकी शिकायत 2 जनवरी को लखनऊ पुलिस कमिश्नर से की। उन्होंने बताया- लखनऊ में बड़ी मुश्किल से एक प्लॉट खरीदा था। यहां स्वस्तिका सिटी डेवलप हो गई। मेरे प्लॉट पर रास्ता बन गया है। यहां जेल वार्डन महेंद्र सिंह, STF के बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह और अमित टाटा ने कब्जा कर लिया है। ये लोग धनंजय सिंह के नाम पर धमकाते हैं। जब मेरी जमीन पर कब्जा किया गया तो मैं लद्दाख में ड्यूटी पर था। रातोंरात यहां रास्ता निकाल दिया। महेंद्र सिंह कफ सिरप का ही नहीं, भूमाफिया भी है। मैंने इसकी शिकायत भूमाफिया पोर्टल पर भी की थी। लेखपाल इन लोगों से मिला हुआ है उसने पोर्टल पर गलत रिपोर्ट लगा दी। मेरे पास मेरी जमीन के सभी कागजात हैं। 2 तस्वीरें जो फौजी ने शेयर कीं… अब पढ़िए पुलिस कमिश्नर को लिखी शिकायत…. सारी बाउंड्री तोड़कर जमीन कब्जाई रिटायर्ड फौजी अरविंद सिंह ने पुलिस कमिश्नर को शिकायती पत्र दिया है। इसमें बताया- मैंने अर्जुनगंज क्षेत्र स्थित खसरा संख्या 1066 में 800 वर्गफीट जमीन अपनी पत्नी के नाम से खरीदी थी। उसी खसरे में अन्य हिस्सेदारों की जमीन भी तय सीमाओं में मौजूद थी। 2 जुलाई 2024 को जेल वार्डर महेंद्र सिंह और STF के बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह ने भू-माफिया की तरह सारी प्लॉटों की बाउंड्री तोड़कर अपनी सीमा से बढ़कर हमारी जमीन पर कब्जा कर लिया। चकबंदी अधिकारी का स्टे भी नहीं माना कब्जे की जानकारी मिलने पर उन्होंने चकबंदी अधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया, जिसके बाद स्टे आदेश जारी हुआ। बावजूद इसके आरोपियों ने बाउंड्री गिराकर जबरन आरसीसी बाउंड्री बना ली। इस पर स्थानीय थाना और 112 पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना देकर काम रुकवाया गया, लेकिन कुछ समय बाद फिर से कब्जे की कोशिश शुरू कर दी गई। 18 अक्टूबर 2024 को चकबंदी अधिकारी द्वारा धारा 9ए(2) के तहत कराई गई पैमाइश में सामने आया कि आरोपियों ने 0.253 हेक्टेयर खरीदी गई जमीन के बजाय मौके पर 0.325 हेक्टेयर जमीन पर कब्जा कर रखा है। इसमें मुझ (पीड़ित अरविंद सिंह) सहित पांच अन्य लोगों की करीब 7200 वर्गफीट जमीन शामिल है। धमकी और हथियारबंद लोगों के साथ पहुंचे जमीन पर जाने पर मुझे जान से मारने की धमकी दी जाती है। आरोपी खुद को एक धनंजय सिंह का रिश्तेदार बताते हैं। 10 से 15 हथियारबंद लोगों के साथ मौके पर पहुंचकर डराते-धमकाते हैं। इसी डर के कारण पीड़ित लंबे समय से अपनी जमीन पर नहीं जा पा रहे हैं। पीड़ित फौजियों ने पुलिस कमिश्नर से जान-माल की सुरक्षा, अवैध कब्जा हटवाने और जेल वार्डर महेंद्र सिंह और उसके गिरोह के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि स्थानीय थाना स्तर पर शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि आरोपियों ने करोड़ों रुपए की संपत्ति खड़ी कर ली है। कफ सिरप तस्करी केस से भी जुड़ा है नाम कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी मामले में बर्खास्त सिपाही आलोक प्रताप सिंह के बाद उसके नेटवर्क से जुड़े जेल कर्मियों पर भी कार्रवाई शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में लखनऊ जिला कारागार में तैनात वार्डर महेंद्र प्रताप सिंह को डीजी जेल पीसी मीणा ने निलंबित कर दिया था। महेंद्र पर आरोप है कि वह जेल में बंद आलोक सिंह के संपर्क में था। इसके अलावा कांड के सरगना शुभम जायसवाल और गिरफ्तार अमित सिंह उर्फ टाटा के साथ उसकी तस्वीरें भी सामने आई थीं। अंबेडकरनगर का रहने वाला है वार्डर लखनऊ जिला जेल वार्डर महेंद्र प्रताप सिंह अंबेडकरनगर का है। बताया जा रहा है कि वह 15 साल से लखनऊ में ही पोस्टेड है। पूर्व सांसद धनंजय सिंह का दाहिना हाथ कहे जाने वाले आलोक सिंह से भी अच्छे रिश्ते हैं। आलोक इस समय मॉडल जेल से सटी जिला जेल में बंद है। सिरप कांड के सरगना शुभम जायसवाल के साथ महेंद्र की फोटो और वीडियो 6 दिसंबर 2025 को वायरल हुए थे। मामले का संज्ञान लेकर डीजी जेल ने तत्काल कार्रवाई कर उसे सस्पेंड कर दिया। वायरल फोटो से बढ़ा शक कफ सिरप तस्करी मामले की जांच के दौरान महेंद्र प्रताप सिंह का नाम तब चर्चा में आया, जब उसकी एक फोटो मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के साथ वायरल हुई। तस्वीर सामने आने के बाद जांच एजेंसियों की नजरें उस पर टिक गईं। बाद में यह भी सामने आया कि वह बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह का करीबी है, जो फिलहाल लखनऊ जिला जेल में बंद है। —————– यह खबर भी पढ़िए… यूपी के बाहुबली धनंजय सिंह पर FIR:करीबी नेता ने पूर्व सांसद के नाम पर लोगों को धमकाया, लखनऊ में गनर से बोला- गोली मार दो यूपी के बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर मंगलवार की शाम लखनऊ में केस दर्ज हुआ है। साथ ही जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख मांडवी सिंह के पति विनय सिंह और उनके गनर के खिलाफ भी मुकदमा लिखा गया है। पूरी खबर पढ़ें