श्रावस्ती के इकौना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मध्यनगर गांव में फूस के एक मकान में आग लगने से एक गरीब परिवार की गृहस्थी तबाह हो गई। इस अग्निकांड में मकान के भीतर बंधी एक गाय और उसका नवजात बछड़ा जिंदा जल गए, जबकि घर का ज्यादातर सामान जलकर राख हो गया। मध्यनगर निवासी मालिक राम पासवान ने बताया कि ठंड से बचने के लिए परिवार के सदस्यों ने फूस के मकान के भीतर अलाव जलाया था। रात में सोने से पहले आग को पूरी तरह बुझाया नहीं जा सका। इसी दौरान किसी कुत्ते के कारण आग फैल गई और अलोकी चिंगारी से देखते ही देखते पूरे फूंस के मकान में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने या मवेशियों को बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। आग की लपटों में घिरने से मकान के भीतर बंधी गाय और उसके नवजात बछड़े की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। साइकिल, चारपाई समेत दैनिक उपयोग का अन्य सामान भी पूरी तरह नष्ट हो गया। शोर मचने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक पूरा फूस का मकान जलकर राख हो चुका था। इस घटना से पीड़ित परिवार को भारी नुकसान हुआ है, जिससे उनके सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान शिव कुमार विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित परिवार बेहद गरीब है और इस हादसे के बाद उनके सामने आर्थिक संकट आ गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए और आगजनी व मवेशियों की मौत के एवज में उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे दोबारा मवेशी पाल सकें।