नगर निगम लखनऊ के जलकल विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि पेयजल आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें और तुरंत सूचना दें। पाइपलाइन लीकेज, पाइप फटने और नलों में गंदा या मटमैला पानी आने की शिकायतें समय पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा। इसके लिए कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। विभाग ने तीन नंबर जारी किए जलकल विभाग ने समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं, जिन पर फोन करके शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। विभाग का कहना है कि शिकायत मिलते ही संबंधित टीम को मौके पर भेजकर समस्या के निराकरण की कोशिश की जाएगी। कंट्रोल रूम नंबर : 8177054100, 8177054003, 8177054010 छोटी लीकेज बन सकती है बड़ी समस्या विभाग ने बताया कि कई बार मामूली दिखने वाली छोटी लीकेज समय के साथ बड़ी समस्या का रूप ले लेती है। इससे न केवल बड़ी मात्रा में पानी की बर्बादी होती है, बल्कि सड़क पर जलभराव और पेयजल स्रोत के प्रदूषित होने का खतरा भी बढ़ जाता है। गंदा, बदबूदार या मटमैला पानी आने पर जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और ऐसी किसी भी स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है। जीएम जलकल कुलदीप सिंह ने कहा कि शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है, लेकिन हर जगह की स्थिति की पूरी जानकारी बिना नागरिकों के सहयोग के संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने से न केवल समस्या का जल्दी समाधान हो सकता है, बल्कि पानी की अनावश्यक बर्बादी भी रोकी जा सकती है। जीएम ने सभी नागरिकों से जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी दिखने पर तुरंत जलकल विभाग से संपर्क करने की अपील की।