फर्रुखाबाद के पांचाल घाट स्थित श्री रामनगरिया मेले में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चार नंबर सीढ़ी के पास बिजली लाइन में फॉल्ट हो गया। शॉर्ट सर्किट के चलते लाइन में चिंगारी उठी और तार जलकर टूटकर नीचे गिर गया। हालांकि, समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दिए जाने से कोई जनहानि नहीं हुई। पांचाल घाट पर आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में संत और श्रद्धालु कल्पवास कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में विशेष रूप से बिजली लाइनें बिछाई गई हैं। मेला प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को आठ सेक्टरों में विभाजित कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं। रविवार शाम अचानक चार नंबर सीढ़ी के पास लगी बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग लग गई और तार टूटकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने पर मेला लिपिक संजय मिश्रा कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त लाइन को तुरंत दुरुस्त कराया। मौके पर मौजूद एक संत ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण ही लाइन में आग लगी, जिसके बाद तार टूटकर नीचे गिर गया। मेला प्रशासन की तत्परता के चलते बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल बिजली आपूर्ति को सुरक्षित तरीके से बहाल कर दिया गया है और लाइन की जांच-पड़ताल की जा रही है।