फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। यह घटना कपावली पेट्रोल पंप के पास एक भट्टे के पीछे हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। मृतक का एक पैर कृत्रिम था। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान प्रदीप उर्फ गोरेलाल पुत्र रामभरोसी के रूप में हुई है। वह फिरोजाबाद के थाना फरिहा अंतर्गत भूड़ाना गांव का निवासी था और उसकी उम्र लगभग 28 वर्ष बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग भी मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। मामले की जांच जारी है और फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। नारखी थाना अध्यक्ष राकेश गिरी ने बताया कि 28 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर लटका मिला था, जिसकी शिनाख्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।