बदमाशों की कार से युवक की मौत पर FIR दर्ज:2 गिरफ्तार, लोकेशन ट्रेस करते हुए सहारनपुर पहुंची थी उत्तराखंड पुलिस

सहारनपुर की कोतवाली देहात पुलिस ने सड़क हादसे में हुई युवक की मौत के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हादसे में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की है। आरोपी उत्तराखंड में चोरी के मामलों में भी वांछित चल रहे थे। जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड पुलिस 3 जनवरी को बदमाशों का पीछा करते हुए सहारनपुर पहुंची थी। इसी दौरान बदमाशों की कार की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई थी। हादसे के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। थाना नागल क्षेत्र के गांव मायाहेड़ी निवासी देविश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उसके पिता शीतल बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान देवबंद थाना क्षेत्र के अकबरपुर गढ़ी निवासी रोहित और लहसवाड़ा निवासी नईम ने तेज रफ्तार कार से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि शीतल को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया था। पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन हादसे के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नईम और रोहित नाजिरपुरा पेपर मिल रोड के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से आई-10 कार (नंबर UK-08-Z-1144) बरामद की गई, जिससे हादसा किया गया था। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हादसे की बात स्वीकार की है। बताया गया कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई, जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित पुत्र ओमप्रकाश निवासी अकबरपुर गढ़ी और नईम पुत्र मोबीन निवासी लहसवाड़ा, थाना देवबंद के रूप में हुई है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कुछ दिन पहले हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में लाखों रुपये की चोरी हुई थी। इस मामले में सिडकुल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने रोहित और नईम का नाम लिया था। इसके बाद से दोनों की लोकेशन ट्रेस की जा रही थी। शनिवार को दोनों की लोकेशन सहारनपुर के शेखपुरा कदीम गांव के पास ट्रेस हुई। एएसपी बोले- दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया
एएसपी मनोज यादव ने बताया-कार से कुचलकर युवक की मौत करने वाले दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी देवबंद थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और इनके खिलाफ लूट व चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।