एशेज- सिडनी टेस्ट में जो रूट का 41वां शतक:पोंटिंग की बराबरी, तेंदुलकर और कैलिस ही आगे; इंग्लैंड 384 रन पर ऑलआउट

पांचवें एशेज टेस्ट के दूसरे दिन स्टंप्स तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 2 विकेट पर 166 रन बना लिए हैं। सोमवार को ट्रैविस हेड 91 रन और माइकल नेसर 1 रन बनाकर नाबाद लौटे। ऑस्ट्रेलियाई टीम अब भी इंग्लैंड से 218 रन पीछे है, जबकि इंग्लैंड ने पहली पारी में 384 रन बनाए थे। सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने अपने टेस्ट करियर का 41वां शतक जमाया। रूट ने 242 गेंदों पर 160 रन की बेहतरीन पारी खेली। सिडनी टेस्ट के पहले दिन बारिश और खराब रोशनी के कारण सिर्फ 45 ओवर का खेल हो पाया था, जहां रूट 72 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। दूसरे दिन उन्होंने 146 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो इस एशेज सीरीज में उनका दूसरा शतक रहा। रूट का 41वां शतक
इस शतक के साथ ही जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी कर ली। दोनों के नाम अब 41-41 टेस्ट शतक हो गए हैं। रूट ने यह उपलब्धि अपने 163वें टेस्ट में हासिल की, जबकि पोंटिंग ने अपने करियर में 168 टेस्ट मैच खेले थे। इस लिस्ट में अब रूट से आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर (51 शतक) और जैक कैलिस (45 शतक) ही मौजूद हैं। रूट के 2021 के बाद सबसे ज्यादा 24 शतक
साल 2021 के बाद से टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में जो रूट सबसे आगे हैं। इस टाइम में रूट अब तक 24 टेस्ट शतक जड़ चुके हैं। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ, न्यूजीलैंड के केन विलियमसन, इंग्लैंड के हैरी ब्रुक और भारत के शुभमन गिल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। इन सभी बल्लेबाजों ने 2021 के बाद टेस्ट क्रिकेट में 10-10 शतक लगाए हैं। ऑस्ट्रेलिया में रूट का दूसरा शतक
जो रूट के नाम इस एशेज सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया में एक भी टेस्ट शतक नहीं था। इस दौरे पर उन्होंने गाबा में खेले गए सीरीज के दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 138 रन की शानदार पारी जरूर खेली थी, लेकिन इसके बावजूद इंग्लैंड को उस मैच में हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा पहले चार टेस्ट की बाकी सात पारियों में रूट बल्ले से खास असर नहीं छोड़ पाए थे। अब दौरे की नौवीं पारी में रूट ने एक बार फिर शतक लगा दिया है। ट्रैविस हेड 91 रन बनाकर नाबाद
पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के ओपनर ट्रैविस हेड ने तेज बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 91 रन बनाए। हेड ने 87 गेंदों की अपनी पारी में 15 चौके जड़कर इंग्लिश गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। उनके साथ पारी की शुरुआत करने आए जैक वेदराल्ड 21 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, मार्नस लाबुशेन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और 48 रन के निजी स्कोर पर इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। सिडनी टेस्ट के पहले दिन 45 ओवर का ही खेल
पहले दिन बारिश और खराब रोशनी के कारण सिर्फ 45 ओवर का ही खेल हो सका। बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। दूसरे दिन इंग्लैंड ने 211/3 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और पहली पारी में 384 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इंग्लिश बैटर जो रूट (160 रन) और हैरी ब्रुक (84 रन) ने चौथे विकेट के लिए 169 रन की साझेदारी की, जिसने इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। ——————- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… डेमियन मार्टिन की सेहत में सुधार, कोमा से बाहर आए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज डेमियन मार्टिन की सेहत में सुधार हुआ है। मेनिन्जाइटिस के चलते इंड्यूस्ड कोमा में रहने वाले 54 साल के मार्टिन अब होश में आ चुके हैं और डॉक्टर उन्हें जल्द ही आईसीयू से बाहर शिफ्ट करने की उम्मीद जता रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…